अवैध संबंध बना दोहरे हत्याकांड का कारण, मुठभेड़ में पुलिस ने आरोपी को दबोचा

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में निर्माणाधीन हॉस्टल में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोपी अभिषेक कुमार निवासी भावनपुर जिला मेरठ को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अवैध संबंधों को लेकर चल रही पुरानी रंजिश इस दोहरे हत्याकांड की मुख्य वजह बनी।
पुलिस के अनुसार, बीती 8 मई को नॉलेज पार्क तृतीय स्थित एक निर्माणाधीन हॉस्टल में दो मजदूरों शीशपाल और इन्द्र उर्फ धर्मेन्द्र की फावड़े से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। मामले में नॉलेज पार्क कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 9 मई को गुर्जरपुर रेलवे लाइन की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते से आरोपी अभिषेक कुमार को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह मृतक शीशपाल और इन्द्र के साथ हॉस्टल में माली का काम करने आया था। आरोपी के मुताबिक, उसकी मृत बहन के शीशपाल से पहले संबंध थे, जिसको लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद और मनमुटाव चल रहा था। आरोपी ने आरोप लगाया कि शीशपाल और इन्द्र उसे लगातार ताने मारते थे, जिससे वह बदला लेने की योजना बना चुका था।
अभिषेक ने पुलिस को बताया कि उसने पहले दोनों को शराब पिलाई, जबकि खुद कम शराब पी ताकि वह पूरी तरह होश में रहे। देर रात जब दोनों गहरी नींद में सो गए, तब उसने फावड़े से उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। पहले शीशपाल पर हमला किया और फिर जागने पर इन्द्र को भी मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है।



