ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण

सुथ्याना में अवैध कॉलोनी बसाने की कोशिश नाकाम, बुलडोजर चलाकर 19 करोड़ की जमीन को कराया गया कब्जा मुक्त

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : ग्रेटर नोएडा में जमीन पर अवैध कब्जे और फिर उसे कॉलोनी बनाकर बेचने के मंसूबों पर ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने बुलडोजर चला दिया। सोमवार को सुथ्याना में की गई ध्वस्तीकरण कार्रवाई में प्राधिकरण ने करीब 9,500 वर्ग मीटर अधिग्रहित जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया। मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत 19 करोड़ रुपये आंकी गई है।

प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में कालोनाइजरों द्वारा अधिग्रहित एवं कब्जा प्राप्त जमीन पर किए जा रहे अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। खसरा संख्या 798, 810, 815, 816 और 817 की जमीन पर अवैध निर्माण के जरिए कब्जा जमाने और वहां कॉलोनी बसाने की तैयारी थी।

महाप्रबंधक एके सिंह के मुताबिक, परियोजना विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश निम के नेतृत्व में प्रबंधक स्वतंत्र वर्मा और वर्क सर्किल-4 की टीम ने मौके पर पहुंचकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण और जमीन पर कब्जे की कोशिशों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एसीईओ सुमित यादव ने लोगों से अपील की है कि ग्रेटर नोएडा में जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से उसकी वैधानिक स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। अवैध कॉलोनियों में जीवनभर की कमाई निवेश करने से बचें। वहीं, सीईओ ने अधिसूचित क्षेत्र में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

प्राधिकरण की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की बुनियाद रखकर निजी कारोबार खड़ा करने की कोशिशें लगातार जारी हैं। वहीं प्राधिकरण लगातार ऐसे अतिक्रमम और अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है।

Related Articles

Back to top button