यमुना एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: चलती स्लीपर बस में लगी भीषण आग, 9 यात्रियों की मौत, कई घायल

जेवर एयरपोर्ट के पास देर रात हुआ हादसा, आग फैलते ही मची अफरातफरी; कई यात्रियों ने खिड़कियों से निकलकर बचाई जान, आग लगने के कारणों की जांच जारी
Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : गौतमबुद्धनगर जिले के यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात जेवर एयरपोर्ट के निकट दयानतपुर गांव के आसपास यात्रियों से भरी एक स्लीपर बस अचानक आग की लपटों में घिर गई। हादसे में नौ यात्रियों की मौत होने की सूचना है, जबकि कई अन्य यात्री घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। बस नोएडा से लगभग 34 किलोमीटर आगे यमुना एक्सप्रेसवे पर आगरा की दिशा में जा रही थी। बस में करीब 35 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। अचानक आग लगने की जानकारी मिलते ही यात्रियों में चीख-पुकार और भगदड़ की स्थिति बन गई। बस राजकल्प ट्रेवल एजेंसी कि थी और दिल्ली से महोबा जा रही थी।
आग की लपटें तेजी से फैलने के कारण कुछ यात्रियों ने खिड़कियों और दरवाजे के रास्ते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। वहीं, कई यात्री आग और धुएं के बीच बस के अंदर फंस गए। कुछ ही समय में पूरी बस आग की चपेट में आ गई और उसमें से ऊंची लपटें उठने लगीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धुआं इतना अधिक था कि बस के भीतर कुछ भी स्पष्ट दिखाई देना मुश्किल हो गया था।
हादसे की भयावयता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आग की चपेट में आने से नौ यात्रियों की जान चली गई। कई अन्य लोग घायल हैं। राहत एवं बचाव टीम ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुँचाया। घटना के बाद पुलिस और यमुना एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के लिए दमकल वाहनों और पानी के टैंकरों की मदद ली गई। कई घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन में बस को काटकर साबू को बाहर निकल गया। सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए यातायात को नियंत्रित भी किया गया।
बस में आग लगने की वास्तविक वजह अभी जांच का विषय है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। चर्चा ने घटना के पूर्व बस से पटाखे जैसी आवाजें आई थी। ऐसे में आशंका है कि बस में पटाखे से यह घटना घटी है। कुछ लोग शॉर्ट सर्किट को हादसे की वजह मान रहे हैं। हालांकि अभी आग लगने का स्थापित कारण नहीं माना जा सकता। आधिकारिक जांच और फोरेंसिक पड़ताल के बाद ही आग के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए मृतकों के प्रति शोक व्यक्त किया और अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार तथा प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।




