नोएडा विधानसभा पर समाजवाद की राम कथा : रामजी करेंगे सबका बेड़ा पार, फिर भी नेताजी अपनों से भयभीत, गैरों से बढ़ा रहे प्रीत

डॉ देवेंद्र कुमार शर्मा
नोएडा की सियासी वैतरणी पार करने के लिए मुकेश शर्मा को रामकथा का सहारा; सपा से टिकट की दावेदारी, भाजपा नेताओं से नजदीकियां और अपने ही संगठन को लेकर संशय!
Panchayat 24 : देश की राजनीति में इन दिनों राम नाम की गूंज सुनाई दे रही है। कभी धर्मनिरपेक्षता की दुहाई देकर राम मंदिर और प्रभु श्रीराम के नाम पर होने वाले आयोजनों से दूरी बनाने वाले राजनीतिक दल भी अब राममय होते दिखाई दे रहे हैं। राजनीतिक मौसम में बदलाव के संकेत अक्सर नेताओं के बयानों, गतिविधियों और सार्वजनिक आयोजनों से मिलने लगते हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही सियासी फिजाओं में रामकथा, रामभक्ति और प्रभु श्रीराम के गुणगान की सरगर्मी बढ़ने लगी है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आगामी 12 नवंबर को अयोध्या जाकर प्रभु श्रीराम के दर्शन करने की चर्चा है। इसे महज एक धार्मिक यात्रा के बजाय बदलते राजनीतिक परिवेश में एक महत्वपूर्ण संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है। जाहिर है, जब पार्टी का शीर्ष नेतृत्व राममय दिखाई देने लगे तो उसके स्थानीय नेताओं और भावी उम्मीदवारों के लिए भी इस दिशा में सक्रिय होना अस्वाभाविक नहीं है।
शायद इसी राजनीतिक बयार का असर नोएडा में भी दिखाई देने लगा है। नोएडा जैसी महत्वपूर्ण विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी का टिकट हासिल करने की दावेदारी कर रहे मुकेश शर्मा इन दिनों रामनाम की महिमा का बखान करने में जुटे हैं। उनके द्वारा नोएडा में तीन दिवसीय भव्य रामकथा का आयोजन कराया जा रहा है, जिसमें प्रसिद्ध कवि एवं विख्यात कथावाचक कुमार विश्वास प्रभु श्रीराम की कथा सुनाएंगे। शहरभर में इस आयोजन के पोस्टर लगाए गए हैं और निमंत्रण पत्रों का वितरण भी जोर-शोर से किया जा रहा है।
वैसे तो प्रभु श्रीराम का नाम किसी राजनीतिक दल, विचारधारा अथवा सत्ता की सीमाओं में बंधा नहीं है। रामकथा का आयोजन पुण्य, सद्भाव और सांस्कृतिक चेतना का माध्यम है, लेकिन राजनीति की अपनी व्याख्याएं और अपने निहितार्थ होते हैं। ऐसे में मुकेश शर्मा की रामकथा को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाएं होना स्वाभाविक है।
दिलचस्प पहलू यह है कि समाजवादी पार्टी से टिकट की दावेदारी कर रहे मुकेश शर्मा की राजनीतिक सक्रियता जितनी चर्चा में है, उससे कहीं अधिक चर्चा उनकी भाजपा नेताओं से बढ़ती नजदीकियों की हो रही है। पार्टी के कुछ स्थानीय नेताओं की मानें तो मुकेश शर्मा को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से नोएडा में संगठन मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनसे अपेक्षा है कि वे पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच अपनी पैठ बनाएं, संगठन को सक्रिय करें और आगामी चुनाव के लिए राजनीतिक जमीन तैयार करें। इसके बावजूद उनकी अधिकांश राजनीतिक सक्रियता भाजपा नेताओं के इर्द-गिर्द दिखाई दे रही है।
बताया जाता है कि रामकथा के निमंत्रण पत्र भी बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं को वितरित किए जा रहे हैं। इसमें कोई बुराई नहीं है। धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में राजनीतिक विरोधियों को आमंत्रित करना स्वस्थ सामाजिक परंपरा का परिचायक भी हो सकता है। लेकिन जब आयोजनकर्ता स्वयं किसी राजनीतिक दल से टिकट की दावेदारी कर रहा हो और उसी दल के संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी भी उसके पास हो, तब यह सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर उसकी राजनीतिक प्राथमिकताएं क्या हैं? वह अपने दल के कार्यकर्ताओं को साधने में अधिक रुचि ले रहा है या दूसरे दल के नेताओं से संबंध प्रगाढ़ करने में?
मुकेश शर्मा की राजनीतिक पृष्ठभूमि को लेकर भी कई सवाल चर्चा में हैं। सूत्रों के अनुसार, नोएडा के एक वरिष्ठ समाजवादी नेता ने कुछ समय पहले उनकी मुलाकात अखिलेश यादव से कराई थी। इस मुलाकात में मुकेश शर्मा ने नोएडा से विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी। बताया जाता है कि इसके बाद उन्हें तत्काल उम्मीदवार घोषित करने के बजाय क्षेत्र में समाजवादी पार्टी का संगठन मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई। हालांकि, पार्टी ने अभी तक उनके नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
चर्चा तो यहां तक है कि मुकेश शर्मा ने अभी तक समाजवादी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता भी ग्रहण नहीं की है। यदि यह जानकारी सही है तो यह अपने आप में दिलचस्प राजनीतिक परिस्थिति है कि जिस दल से चुनाव लड़ने की दावेदारी की जा रही है, उसी दल की औपचारिक सदस्यता अभी बाकी है। सूत्रों का दावा है कि रामकथा के आयोजन के बाद वे पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। फिर भी उन्हें पार्टी में सबसे मज़बूत दावेदार माना जा रहा है। ऐसे में रामकथा का सफल आयोजन उनके सामाजिक और राजनीतिक प्रभाव के प्रदर्शन का एक अवसर भी बन सकता है।
मुकेश शर्मा के पोस्टरों पर उनकी तीन खासियतें प्रमुखता से अंकित हैं—शिक्षाविद, समाजसेवी और उद्यमी। उनकी सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक पृष्ठभूमि निश्चित रूप से उनकी पहचान का हिस्सा है, लेकिन राजनीति में केवल व्यक्तिगत प्रतिष्ठा और आर्थिक सामर्थ्य पर्याप्त नहीं होते। किसी राजनीतिक दल में अपनी जगह बनाने के लिए उसकी विचारधारा, संगठनात्मक अनुशासन, कार्यकर्ताओं की भावनाओं और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को समझना भी उतना ही आवश्यक होता है।
यही वह मोड़ है, जहां मुकेश शर्मा की राजनीतिक रणनीति पर सवाल उठते हैं। समाजवादी पार्टी के कुछ स्थानीय नेताओं को उनकी भाजपा नेताओं से बढ़ती नजदीकियां सहज नहीं लग रही हैं। जिस तरह वे अपनों से दूरी और गैरों से नजदीकी बढ़ाते दिखाई दे रहे हैं, उससे पार्टी के भीतर असहजता और आशंकाएं पैदा होना स्वाभाविक है। यह भी माना जा रहा है कि मुकेश शर्मा अभी समाजवादी पार्टी की संगठनात्मक कार्यशैली और राजनीतिक संस्कृति को पूरी तरह समझ नहीं पाए हैं। दूसरी ओर, भाजपा नेताओं के साथ उनकी सहजता और निरंतर संपर्क स्थानीय सपाइयों के मन में कई तरह की शंकाओं को जन्म दे रहा है। हालांकि, इन चर्चाओं की स्वतंत्र पुष्टि नहीं है, लेकिन उनके राजनीतिक व्यवहार को लेकर उठ रहे सवालों ने अटकलों को हवा जरूर दी है।
अब सवाल यह है कि मुकेश शर्मा की रामकथा का पुण्य उनकी राजनीतिक आकांक्षाओं को किस दिशा में ले जाएगा? क्या प्रभु श्रीराम की कथा सुनकर वे समाजवादी पार्टी के संगठन और कार्यकर्ताओं का विश्वास जीत पाएंगे, या भाजपा नेताओं से उनकी बढ़ती निकटता ही उनके राजनीतिक भविष्य का नया रास्ता खोलेगी? क्या वे सपा के संभावित उम्मीदवार के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहे हैं अथवा दोनों राजनीतिक खेमों में अपनी संभावनाएं तलाश रहे हैं?
प्रभु श्रीराम का नाम निश्चित रूप से सबका बेड़ा पार लगाने वाला है, लेकिन राजनीति की वैतरणी पार करने के लिए केवल रामनाम का सहारा पर्याप्त नहीं होता। इसके लिए संगठन का विश्वास, कार्यकर्ताओं का समर्थन और राजनीतिक निष्ठा की स्पष्टता भी जरूरी है। आखिरकार, चुनावी राजनीति में सबसे कठिन परीक्षा विरोधियों को साधने की नहीं, बल्कि अपनों का विश्वास जीतने की होती है।
अब देखना यह है कि रामकथा का पुण्य और प्रताप मुकेश शर्मा के लिए किस रूप में फलीभूत होता है। समाजवादी पार्टी में उनका राजनीतिक भविष्य संवरता है या भाजपा से बढ़ती प्रीत उन्हें किसी दूसरे सियासी पड़ाव तक पहुंचाती है। फिलहाल सवाल यही है—जब नेताजी को अपनों का साथ मिलने को लेकर ही संशय है, तो गैरों से इतनी प्रीत आखिर किस उम्मीद में बढ़ाई जा रही है?




