रबूपुरा में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत प्रकरण में नया मोड़, तीन रिश्तेदार गिरफ्तार

महेश की ऑडियो रिकॉर्डिंग में बहन, बहनोई और दूसरी बहन पर आरोप; विसरा जांच से खुलेगा मौत का राज
Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : गौतमबुद्धनगर के रबूपुरा क्षेत्र के नगला पदम सिंह गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक महेश की मोबाइल में मिली कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर पुलिस ने उसकी बड़ी बहन, बहनोई और छोटी बहन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा xदर्ज कर तीनों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, पांचों की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम के दौरान सुरक्षित किए गए विसरा की वैज्ञानिक जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर की सुबह महेश (37), उसकी पत्नी ललिता (35) और उनके तीन बच्चों के मृत अवस्था में पाए जाने की सूचना मिली थी। मृत बच्चों में 11 वर्षीय लड्डू उर्फ साक्षात, सात वर्षीय मिस्टी और तीन वर्षीय रियांश शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, परिवार के सदस्य 16 अक्टूबर की रात खाना खाकर सोए थे और अगली सुबह मृत मिले।
संपत्ति विवाद और ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच
पुलिस को पड़ोसियों और रिश्तेदारों से मिली जानकारी के अनुसार, महेश अपनी मां के साथ जिस मकान में रहता था, उसे लेकर परिवार में विवाद था। आरोप है कि महेश की बड़ी बहन सुनीता ने अपनी मां को कथित रूप से प्रभावित कर मकान अपने नाम करा लिया था। इस घटनाक्रम से महेश परेशान रहने लगा था।
जांच के दौरान महेश के मोबाइल फोन से एक ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली। पुलिस के मुताबिक, इसमें महेश ने अपनी बड़ी बहन सुनीता, बहनोई शेखर उर्फ चंद्रशेखर और छोटी बहन सपना को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। अधिकारियों के अनुसार, फुटेज में घटना के दौरान किसी बाहरी व्यक्ति के घर में आने की पुष्टि नहीं हुई है। ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों की जांच मामले में अहम मानी जा रही है।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, मौत की वजह अब भी अनसुलझी
ललिता के भाई की लिखित शिकायत पर रबूपुरा थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने 18 अक्टूबर को तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें शेखर उर्फ चंद्रशेखर (50), उसकी पत्नी सुनीता (45) और सपना (32) शामिल हैं। शेखर और सुनीता दिल्ली के शालीमार बाग क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि सपना खेड़ा कलां, दिल्ली की रहने वाली है।
पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम बुलाकर जांच कराई। पांचों शवों का चिकित्सकों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। सभी शवों के विसरा सुरक्षित कर विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
नूडल्स खाने की बात भी जांच के दायरे में
घटना के शुरुआती विवरण में परिवार द्वारा रात में नूडल्स खाने की जानकारी सामने आई थी। इसी आधार पर पहले खाद्य विषाक्तता की आशंका जताई गई थी। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौतों के वास्तविक कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए न तो खाद्य विषाक्तता और न ही किसी अन्य आशंका को फिलहाल अंतिम निष्कर्ष माना जा सकता है।
अब जांच के केंद्र में तीन अहम सवाल हैं—पांचों की मौत कैसे हुई, महेश की ऑडियो रिकॉर्डिंग में लगाए गए आरोपों की पुष्टि किन साक्ष्यों से होती है और संपत्ति विवाद का इस घटना से कोई संबंध है या नहीं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ जारी है और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




