ग्रेटर नोएडा जोन

गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई एडीसीपी और एसीपी के तबादले

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में प्रशासनिक आवश्यकताओं और जनहित को ध्यान में रखते हुए बड़े स्तर पर पुलिस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। कई अपर पुलिस उपायुक्त (ADCP) और सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) के कार्यक्षेत्रों में बदलाव किया गया है। इस फेरबदल को कानून व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

गौतम बुध नगर पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार स्वतंत्र कुमार सिंह को अपर पुलिस उपायुक्त एवं सहायक पुलिस आयुक्त द्वितीय नोएडा के पद से स्थानांतरित कर अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा बनाया गया है। वहीं संतोष कुमार को यातायात विभाग से हटाकर अपर पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा अभय कुमार मिश्रा को प्रभारी पुलिस उपायुक्त यातायात एवं डायल-112 के दायित्व दिए गए हैं। सुधीर कुमार सिंह को ग्रेटर नोएडा से स्थानांतरित कर अपर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय बनाया गया है। वहीं राजेन्द्र कुमार गौतम अब अपराध शाखा के साथ-साथ लाइन्स, मॉनिटरिंग सेल और आंकिक शाखा के कार्यों का भी दायित्व संभालेंगे।

सहायक पुलिस आयुक्त स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। सहायक पुलिस आयुक्त एवं दादरी कोतवाली प्रभारी जितेन्द्र कुमार सिंह को दादरी से सेंट्रल नोएडा भेजा गया है, जबकि पवन कुमार को यातायात ग्रेटर नोएडा की जिम्मेदारी दी गई है। अनिल कुमार पाण्डेय को अपराध शाखा से स्थानांतरित कर नोएडा द्वितीय में तैनात किया गया है।

इसी क्रम में शकील मोहम्मद को यातायात नोएडा एवं प्रोटोकॉल की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि उमेश यादव को यातायात सेंट्रल नोएडा भेजा गया है। राधारमन सिंह को प्रथम ग्रेटर नोएडा के साथ-साथ अपराध शाखा के कार्यों का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

पुलिस कमिश्नरेट के इस प्रशासनिक फेरबदल को आगामी चुनौतियों और बेहतर कानून व्यवस्था प्रबंधन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button