ग्रेटर नोएडा में 40 करोड़ की जमीन पर चला बुल्डोजर, अवैध निर्माण ध्वस्त

Panchayat 24(ग्रेटर नोएडा) : ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अधिसूचित क्षेत्र ननवा का राजपुर गांव में करीब 20 हजार वर्ग मीटर जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को बुल्डोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण के अनुसार मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत लगभग 40 करोड़ रुपये है। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
प्राधिकरण अधिकारियों के मुताबिक कुछ कालोनाइजर ननवा का राजपुर के खसरा नंबर 156 व आसपास की जमीन पर अवैध प्लॉटिंग और निर्माण कर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर भूलेख एवं परियोजना विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
करीब दो घंटे तक चली इस कार्रवाई का नेतृत्व भूलेख विभाग के ओएसडी रामनयन सिंह ने किया। उनके साथ वरिष्ठ प्रबंधक नागेंद्र सिंह समेत अन्य अधिकारी और प्राधिकरण के सुरक्षाकर्मी मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से किए गए निर्माणों को पूरी तरह हटाया गया।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति या बिना नक्शा पास कराए किसी भी प्रकार का निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा में जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि अवैध कॉलोनियों में निवेश कर अपनी गाढ़ी कमाई फंसाने से बच सकें।
प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि यदि दोबारा अवैध निर्माण या कब्जे की कोशिश की गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।



