ग्रेटर नोएडा में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा जोन) : ग्रेटर नोएडा में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सनसनी फैल गई। युवती के परिजनों ने पति और उसके परिवार पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। मामला दादरी कोतवाली क्षेत्र का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मोनिका नागर (22) अपनी मां के साथ म्यू-2 क्षेत्र में किराये पर रहती थी। कुछ समय पूर्व उसने ने घोड़ी बछेड़ा गांव निवासी अनुज चौहान के साथ कोर्ट मैरिज की थी। बताया जा रहा है कि शादी को लेकर दोनों परिवारों के बीच सहमति भी बन गई थी।
परिजनों के अनुसार शादी के बाद से ही युवती और उसके पति अनुज चौहान के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। आरोप है कि गुरुवार 7 मई को युवती ने अपने भाई को फोन कर बताया कि उसका पति और ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही युवती के परिजन अनुज चौहान के घर पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्हें जानकारी मिली कि युवती की मौत हो चुकी है। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर उसकी हत्या की है।
घटना की सूचना पर थाना दादरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



