संपत्ति विवाद में पिता बना हैवान: 13 वर्षीय बेटे की हत्या कर शव तालाब में फेंका

कासना पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लिया, परिवार को फंसाने की थी साजिश
Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : ग्रेटर नोएडा में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। थाना कासना क्षेत्र में एक पिता ने कथित रूप से अपने ही 13 वर्षीय बेटे की हत्या कर दी और शव को तालाब में फेंक दिया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी अपने परिवार के लोगों को संपत्ति विवाद में फंसाने की साजिश रच रहा था। मामला कासना कोतवाली क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 7 मई को कासना कोतवाली में सूचना प्राप्त हुई कि सिरसा गांव निवासी प्रदीप भाटी का करीब 13 वर्षीय बेटा लापता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा स्थानीय बच्चों से पूछताछ की।
जांच में पता चला कि लापता बालक आखिरी बार अपने पिता के साथ कार में देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने बच्चे के पिता से गहन पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी पिता पुलिस को गुमराह करता रहा और उसने बताया कि उसका बेटा ग्राम गुलिस्तानपुर में उसके एक दोस्त के पास है तथा वह स्वयं उसे बरामद करा देगा।
हालांकि, पुलिस को आरोपी की बातों पर संदेह हुआ। देर शाम थाना कासना पुलिस को सूचना मिली कि गुमशुदा बालक का शव ग्राम सिरसा स्थित 6 परसेंट कॉलोनी के पास एक तालाब में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि बालक के पिता ने ही कथित रूप से अपने बेटे की हत्या की थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी अपने परिवार के अन्य लोगों को संपत्ति विवाद में झूठा फंसाने की नीयत से इस वारदात को अंजाम देना चाहता था। वहीं, पकड़े जाने के डर से आरोपी पिता ने अपना ही गला रेतकर आत्महत्या करने का प्रयास किया लेकिन लोगों ने उसको पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोग इस अमानवीय घटना से स्तब्ध हैं।



