गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 13 निरीक्षकों के तबादले

Panchayat 24 (नोएडा) : गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में प्रशासनिक आवश्यकताओं एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए पुलिस आयुक्त ने व्यापक स्तर पर निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। जारी स्थानांतरण सूची के अनुसार कुल 13 निरीक्षकों का तबादला किया गया है। इस फेरबदल को कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पुलिस प्रशासन में बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
तबादलों में कई प्रमुख थानों के प्रभारी निरीक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। निरीक्षक संजय कुमार को थाना जेवर से हटाकर थाना सूरजपुर का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है, जबकि निरीक्षक अजय कुमार सिंह को थाना इकोटेक-3 से थाना जेवर की कमान सौंपी गई है। इसी प्रकार निरीक्षक विनोद कुमार चाहर को थाना सूरजपुर से थाना नॉलेज पार्क भेजा गया है।
थाना नॉलेज पार्क के प्रभारी रहे निरीक्षक सर्वेश चन्द्र को एएचटी (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग) की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि निरीक्षक विध्यांचल तिवारी को एएचटी से स्थानांतरित कर साइबर क्राइम शाखा में तैनात किया गया है। अपराध शाखा में कार्यरत निरीक्षक रणजीत कुमार सिंह को थाना इकोटेक-3 का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है।
इसके अलावा निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार शुक्ल को थाना कासना से थाना फेस-1 तथा निरीक्षक पंकज शर्मा को शिकायत प्रकोष्ठ से थाना कासना भेजा गया है। थाना सेक्टर-142 के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र को पुलिस लाइन भेजा गया है, जबकि पुलिस लाइन से निरीक्षक संजय कुमार को थाना सेक्टर-142 की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
थाना फेस-1 के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मान को आईटी सेल (सेंट्रल नोएडा) में स्थानांतरित किया गया है, जबकि आईटी सेल में तैनात निरीक्षक पुष्पराज सिंह को प्रभारी शिकायत प्रकोष्ठ बनाया गया है। वहीं निरीक्षक उमेश नैथानी को प्रभारी आईजीआरएस सेल के साथ-साथ मीडिया सेल की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
पुलिस कमिश्नरेट का यह प्रशासनिक फेरबदल ऐसे समय में किया गया है जब जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा विभिन्न थानों की कार्यक्षमता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। माना जा रहा है कि नए प्रभारियों की नियुक्ति से पुलिस व्यवस्था में तेजी आएगी और जनता को बेहतर पुलिसिंग का लाभ मिलेगा।





