यमुना प्राधिकरण ने 8 निवेशकों को सौंपी LoI, 3,181 करोड़ के निवेश से 18 हजार से अधिक रोजगार का रास्ता साफ

Panchayat 24 (यीड़ा) : यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने औद्योगिक निवेश को नई रफ्तार देते हुए मंगलवार को आठ प्रमुख कंपनियों को औद्योगिक भूमि आवंटन के लिए लेटर ऑफ इंटेंट (LoI) सौंप दिए। इन परियोजनाओं के माध्यम से ₹3,181.20 करोड़ के निवेश का मार्ग प्रशस्त होगा, जबकि करीब 18,126 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने का अनुमान है। यह कदम यमुना प्राधिकरण क्षेत्र को उत्तर प्रदेश के उभरते औद्योगिक और विनिर्माण केंद्र के रूप में मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्राधिकरण के सभा कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने निवेशकों को LoI प्रदान किए। इस दौरान अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं निवेश प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया सहित प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी और उद्योग जगत के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्राधिकरण के अनुसार स्वीकृत परियोजनाएं ऑटोमोबाइल कंपोनेंट्स, स्मार्ट इलेक्ट्रिकल उपकरण, स्टील फर्नीचर, मेडिकल एवं हेल्थकेयर उत्पाद, फूड प्रोसेसिंग, कॉस्मेटिक्स, प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (PCB) और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे विविध क्षेत्रों से जुड़ी हैं। इन निवेशों से औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार होने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
सबसे बड़ा निवेश Samvardhana Motherson International Limited करेगा, जिसे सेक्टर-8D में 50 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। कंपनी लगभग ₹1,156 करोड़ का निवेश कर ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स निर्माण इकाई स्थापित करेगी, जिससे करीब 8,000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
इसके अलावा Balar Marketing Pvt. Ltd. स्मार्ट इलेक्ट्रिकल मैन्युफैक्चरिंग एवं अनुसंधान इकाई स्थापित करने के लिए ₹300 करोड़, Triveni Almirah Pvt. Ltd. स्टील फर्नीचर निर्माण के लिए ₹375 करोड़, Anondita Healthcare मेडिकल एवं हेल्थकेयर ग्लव्स निर्माण के लिए ₹500 करोड़, Crispy City Foods Pvt. Ltd. खाद्य प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग क्षेत्र में ₹122 करोड़, A G Organica Pvt. Ltd. परफ्यूम एवं पर्सनल केयर उत्पाद निर्माण में ₹259.90 करोड़, Innovex Products LLP फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में ₹140 करोड़ तथा Apaar Infratech Private Limited पीसीबी एवं इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स निर्माण के लिए ₹29.30 करोड़ का निवेश करेगी।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि यमुना प्राधिकरण निवेशकों को पारदर्शी, त्वरित और उद्योग-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन नई औद्योगिक परियोजनाओं से न केवल निवेश को नई गति मिलेगी, बल्कि बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित होगा और उत्तर प्रदेश को देश के अग्रणी विनिर्माण एवं निवेश केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिलेगी।
यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे औद्योगिक निवेश यह संकेत दे रहे हैं कि आने वाले वर्षों में यह इलाका इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, खाद्य प्रसंस्करण और उच्च तकनीक विनिर्माण का प्रमुख हब बनने की ओर तेजी से अग्रसर है।





