भौतिकवादी नोएडा में रामकथा की आध्यात्मिक गूंज, कुमार विश्वास ने नई पीढ़ी को बताया श्रीराम के जीवन दर्शन का महत्त्व

‘अपने-अपने राम’ के माध्यम से जेन-जी को राम से जोड़ा; रामजन्म के प्रसंग की काव्यमयी प्रस्तुति ने भक्तिमय किया वातावरण
Panchayat 24 (नोएडा) : ऊंची इमारतों, चमकती सड़कों, आर्थिक प्रतिस्पर्धा और भौतिक उपलब्धियों के लिए पहचाने जाने वाले नोएडा में शुक्रवार को आध्यात्मिकता की एक अलग ही धारा प्रवाहित हुई। सेक्टर-34 स्थित वर्ल्ड्स ऑफ वंडर में अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कवि एवं कथावाचक कुमार विश्वास की रामकथा ‘अपने-अपने राम’ का शुभारंभ हुआ तो वातावरण राममय हो उठा। यह केवल रामकथा का आरंभ नहीं था, बल्कि आधुनिक पीढ़ी को मर्यादा, मूल्य, विवेक और जीवन-दर्शन से जोड़ने का एक साहित्यिक एवं आध्यात्मिक प्रयास भी था।
कुमार विश्वास ने रामकथा को केवल अतीत का आख्यान अथवा वृद्धावस्था का आध्यात्मिक सहारा मानने की परंपरागत धारणा से आगे ले जाते हुए उसे आज की युवा पीढ़ी, विशेषकर जेन-जी के जीवन से जोड़ा। उन्होंने प्रश्न उठाया कि जब युवावस्था जीवन की दिशा निर्धारित करने और सामाजिक दायित्वों को समझने की सबसे महत्त्वपूर्ण अवस्था है, तब जीवन के आदर्शों और मर्यादाओं की शिक्षा के लिए रामकथा का इंतजार बुढ़ापे तक क्यों किया जाए?
उन्होंने सहज उदाहरण से अपनी बात समझाई। वाहन चलाने का प्रशिक्षण और उसका लाइसेंस वयस्क होने पर मिलता है, वृद्धावस्था में नहीं। ठीक इसी प्रकार जीवन की जिम्मेदारियां संभालने से पहले युवाओं को भी ऐसे आदर्शों और मार्गदर्शन की आवश्यकता है, जो उन्हें सही-गलत का विवेक दे सकें। रामकथा इसी जीवन-प्रशिक्षण का माध्यम है। शक्ति का सदुपयोग, मर्यादा का निर्वाह, धैर्य, संयम और कर्तव्यबोध जैसे गुण श्रीराम के जीवन से सहज ही सीखे जा सकते हैं।
राम पर प्रश्न नए नहीं, हर युग में हुई उनकी परीक्षा
राम के अस्तित्व और उनके चरित्र पर उठने वाले प्रश्नों का उल्लेख करते हुए कुमार विश्वास ने कहा कि श्रीराम पर प्रश्न उठाना कोई नई प्रवृत्ति नहीं है। माता सती ने भी सीता-वियोग में वन-वन भटकते राम को देखकर उनके ईश्वरत्व पर संदेह किया था। राम के अस्तित्व और उनके जीवन से जुड़े प्रश्न अलग-अलग युगों में उठते रहे हैं। यहां तक कि रामनाम से जुड़ी परंपराओं और आस्थाओं के बीच भी उनके अस्तित्व पर प्रश्न खड़े किए गए।
जयंत प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि अहंकार और मर्यादा के उल्लंघन का परिणाम अंततः भुगतना ही पड़ता है। उनके कथन और प्रस्तुति में व्यंग्य, विनोद और आध्यात्मिक संकेतों का ऐसा समन्वय था कि गंभीर प्रसंग भी श्रोताओं के मन में सहजता से उतरते चले गए। उनका संदेश स्पष्ट था कि आस्था का उत्तर निरर्थक विवाद नहीं, बल्कि अपने आचरण और जीवन में राम के आदर्शों को उतारना है।
जब रामकथा में समकालीन संसार के प्रश्न भी शामिल हुए
कुमार विश्वास की कथा की विशेषता यह रही कि रामायण के प्रसंग केवल धार्मिक आख्यान बनकर नहीं रह गए। उन्होंने उन्हें वर्तमान सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों से जोड़कर समझाया। इतिहास और वर्तमान, अध्यात्म और व्यवहार, आदर्श और यथार्थ के बीच संवाद स्थापित करते हुए उन्होंने सिद्ध किया कि रामकथा किसी एक कालखंड की धरोहर नहीं, बल्कि हर युग के मनुष्य के लिए प्रासंगिक जीवन-दर्शन है।
उनकी काव्यात्मक अभिव्यक्ति, प्रसंगों की रोचक व्याख्या, शब्दों का लालित्य और बीच-बीच में हास्य-विनोद की सहज फुहार ने श्रोताओं को कथा से बांधे रखा। रामकथा के प्रसंगों में कहीं चिंतन था, कहीं संवेदना, कहीं जीवन की जटिलताओं का उत्तर और कहीं मन को भक्ति से भर देने वाली अनुभूति।
रामजन्म के प्रसंग ने वातावरण को किया भावविभोर
कथा के दौरान प्रभु श्रीराम के जन्म का प्रसंग आया तो वातावरण में भक्ति और उल्लास का अद्भुत समन्वय दिखाई दिया। काव्यात्मक शब्दों, भावपूर्ण वर्णन और दिव्य अनुभूति से परिपूर्ण प्रस्तुति ने मानो अयोध्या के उस अलौकिक उत्सव को श्रोताओं के सम्मुख साकार कर दिया। शब्दों में भक्ति थी, भावों में वात्सल्य और प्रस्तुति में ऐसा माधुर्य कि श्रोता रामनाम की रसधारा में सराबोर होते चले गए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। विशेष बात यह रही कि श्रोताओं में युवाओं के साथ-साथ मध्य आयु वर्ग के लोगों की भी उल्लेखनीय भागीदारी दिखाई दी। यह दृश्य इस धारणा को भी चुनौती देता है कि आध्यात्मिकता आधुनिक जीवन की व्यस्तताओं और भौतिक आकांक्षाओं के बीच अप्रासंगिक हो चुकी है।
नोएडा की चमक-दमक के बीच रामकथा का यह शुभारंभ एक सार्थक संदेश छोड़ गया—सभ्यता की ऊंचाई केवल इमारतों से नहीं, मनुष्य के विचारों और संस्कारों से भी मापी जाती है। भौतिक प्रगति जीवन को सुविधाजनक बना सकती है, लेकिन उसे सार्थक बनाने के लिए मर्यादा, संवेदना और विवेक की आवश्यकता होती है।
श्रीराम का जीवन इसी संतुलन का शाश्वत उदाहरण है। शायद इसीलिए राम केवल पूजनीय नहीं, अनुकरणीय भी हैं। और यही ‘अपने-अपने राम’ की सबसे बड़ी प्रासंगिकता है। कथा का आयोजन शिक्षाविद, उद्यमी, और समाजसेवी मुकेश शर्मा द्वारा कराया जा रहा है। आयोजन कि व्यवस्था बेहद ही भव्य, व्यवस्थित और शानदार है।





