तीन दिन तक नोएडा होगा राममय, मुकेश शर्मा के सौजन्य से कुमार विश्वास करेंगे श्रीराम कथा का गुणगान, बच्चों से लेकर वृद्ध तक उठाएंगे रामकथा का लाभ

13 से 15 नवंबर तक वर्ल्ड्स ऑफ वंडर में सजेगा ‘अपने-अपने राम’ का आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मंच; प्रतिदिन करीब दस हजार श्रद्धालुओं के एकत्र होने की संभावना, लाइव स्ट्रीमिंग की भी रहेगी व्यवस्था; सुरक्षा से लेकर चिकित्सा तक किए गए पुख्ता इंतजाम
Panchayat 24 ( नोएडा) : आस्था जब अभिव्यक्ति पाती है तो वह केवल धार्मिक आयोजन नहीं रहती, बल्कि समाज को उसकी सांस्कृतिक जड़ों, जीवन मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना से जोड़ने का माध्यम बन जाती है। भगवान श्रीराम का जीवन दर्शन इसी चेतना का अक्षय स्रोत है। मर्यादा, त्याग, कर्तव्य, करुणा और लोककल्याण के आदर्शों को अपने भीतर समेटे श्रीराम का चरित्र हर पीढ़ी के लिए प्रासंगिक है। इसी भावभूमि पर नोएडा में पहली बार तीन दिवसीय ‘अपने-अपने राम’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। समाजसेवी, शिक्षाविद् एवं उद्यमी मुकेश शर्मा के सौजन्य से 13 से 15 नवंबर तक वर्ल्ड्स ऑफ वंडर में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रख्यात कवि एवं रामकथा मर्मज्ञ डॉ. कुमार विश्वास अपनी विशिष्ट काव्यात्मक शैली में श्रीराम के जीवन दर्शन का गुणगान करेंगे।
तीन दिनों तक नोएडा का वातावरण राममय बनाने वाले इस आयोजन में प्रतिदिन शाम चार बजे से साढ़े सात बजे तक रामकथा की रसधारा प्रवाहित होगी। आयोजन में प्रतिदिन लगभग दस हजार लोगों के एक साथ कथा श्रवण करने की संभावना है। खास बात यह है कि कार्यक्रम का लाभ केवल आयोजन स्थल पर उपस्थित लोगों तक सीमित नहीं रहेगा। जो श्रद्धालु किसी कारणवश वहां नहीं पहुंच सकेंगे, उनके लिए लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था भी की गई है। इस प्रकार आस्था और तकनीक का समन्वय करते हुए रामकथा को अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
इस आयोजन की एक महत्वपूर्ण विशेषता इसकी व्यापक जनभागीदारी है। बच्चों से लेकर युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों तक सभी आयु वर्ग के लोगों को रामकथा से जोड़ने की परिकल्पना की गई है। प्रवेश निःशुल्क रखा गया है, हालांकि इसके लिए पूर्व पंजीकरण अनिवार्य होगा। आयोजकों का मानना है कि भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों की समझ किसी एक आयु वर्ग तक सीमित नहीं होनी चाहिए। नई पीढ़ी जहां श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा ले सकती है, वहीं वरिष्ठ पीढ़ी के लिए यह आयोजन अपनी सांस्कृतिक विरासत से पुनः जुड़ने का अवसर बनेगा।
सुरक्षा और चिकित्सा के व्यापक इंतजाम
करीब दस हजार लोगों की संभावित उपस्थिति को देखते हुए आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर भी विशेष तैयारी की गई है। सुरक्षा के लिए 80 निजी सुरक्षाकर्मियों की तैनाती और परिसर में 80 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही चिकित्सा सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को भी सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के कथा का आनंद ले सकें। इतने बड़े जनसमूह के बीच सुरक्षा, अनुशासन और चिकित्सा प्रबंधन को आयोजन की प्राथमिकताओं में रखा गया है। हनुमंत सेवा समिति की कार्यक्रम के सफल संचालन में अहम भूमिका रहेगी।
राजनीति से अलग निजी आस्था, रामकथा आयोजन को बताया आत्मिक सुख का विषय
मुकेश शर्मा का नाम पिछले कुछ समय से नोएडा के राजनीतिक हलकों में भी चर्चा का विषय रहा है। ऐसे में उनके सौजन्य से होने वाले इस भव्य रामकथा आयोजन को लेकर राजनीतिक निहितार्थों की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। इसे संभावित चुनावी माहौल से जोड़कर देखने वाले लोगों की भी कमी नहीं है। हालांकि प्रेस वार्ता के दौरान मुकेश शर्मा ने इस तरह की अटकलों पर अपना पक्ष स्पष्ट करते हुए कहा कि राजनीति और निजी आस्था दो अलग-अलग विषय हैं। प्रभु श्रीराम उनके लिए आस्था और श्रद्धा का विषय हैं। श्रीरामकथा का आयोजन उन्हें आत्मिक सुख प्रदान करता है और यह उनके निजी जीवन का हिस्सा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजनीति को इस आयोजन से बिल्कुल अलग रखा जाना चाहिए।
युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, नौकरी देने वाला बनते देखना चाहते हैं मुकेश शर्मा
मुकेश शर्मा ने रामकथा के महत्व को केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे युवाओं के व्यक्तित्व और आध्यात्मिक विकास से भी जोड़ा। उनका कहना है कि ऐसे आयोजन युवाओं के लिए विशेष रूप से लाभकारी हैं। आध्यात्मिक चेतना व्यक्ति को जीवन के संघर्षों में धैर्य, संयम, सकारात्मकता और सही निर्णय लेने की क्षमता प्रदान करती है। श्रीराम का जीवन कठिन परिस्थितियों में भी कर्तव्यपथ पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है। आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में युवाओं के लिए ऐसे जीवन मूल्यों की उपयोगिता और भी बढ़ जाती है। उन्होंने अपनी आकांक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि वे चाहते हैं कि विद्यार्थी और युवा सफलता के उस शिखर तक पहुंचें, जहां उन्हें रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनने का अवसर मिले।
नोएडा ने बहुत कुछ दिया, आयोजन उसी के प्रति आभार का प्रयास
प्रेस वार्ता में मुकेश शर्मा ने कहा कि नोएडा ने उन्हें बहुत कुछ दिया है। इस शहर ने उन्हें आगे बढ़ने, अपनी पहचान बनाने और समाज के लिए काम करने के अनेक अवसर उपलब्ध कराए हैं। जब मौका मिला तो हजारों लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया। ‘अपने-अपने राम’ का आयोजन इसी शहर के प्रति उनके आभार और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का एक प्रयास है। उनका मानना है कि समाज से मिले अवसरों और सहयोग का प्रतिदान समाज के उत्थान के लिए किए गए कार्यों से ही दिया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि उद्यमिता, शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में मुकेश शर्मा Prometheus School के माध्यम से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेल, नेतृत्व क्षमता, उद्यमशीलता और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने की दिशा में भी काम कर रहे हैं। उनकी शैक्षिक सोच किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर केंद्रित है।





