उत्तर प्रदेश में आज से तीन दिन रहेगा अवकाश, सरकार ने महानवमी के अवसर पर पूर्व घोषित अवकाश को किया संशोधित
There will be three days holiday in UP from today, the government has revised the previously announced holiday on the occasion of Mahanavami

Panchayat 24 : उत्तर प्रदेश में आज से तीन दिनों का अवकाश रहेगा। उत्तर प्रदेश सरकार ने पूर्व के अवकाश को संशोधित करते हुए महानवमी का अवकाश 11 अक्टूबर अर्थात आज घोषित किया है। परिणामस्वरूप आगामी तीन दिनों तक उत्तर प्रदेश में अवकाश रहेगा। आगामी तीन दिनों तक प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थान एवं सार्वजनिक संस्थान बंद रहेंगे। इस दौरान केवल आवश्यक सेवाओं पर यह आदेश जारी नहीं होगा। कर्मचारी संयुक्त परिषद की ओर से राज्य सकार के इस फैसले की सराहना की गई है। परिषद के अध्यक्ष तथा अन्य पदाधिकारियों ने प्रदेश के लाखों कर्मचारियों की ओर से धन्यवाद दिया है। अपर मुख्य सचिव जितेन्द्र कुमार ने यह आदेश जारी किया है।
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से बीते 4 दिसंबर 2023 को एक विज्ञप्ति जारी करते हुए 12 अक्टूबर 2024 के दिन महानवमी के मौके पर अवकाश घोषित किया गया था। बाद में सरकार ने अपने आदेश में संशोधन करते हुए 11 अक्टूबर को महानवमी के पर्व पर 12 अक्टूबर के स्थान पर 11 अक्टूबर अर्थात शुक्रवार को अवकाश घोषित किया है। वहीं, 12 अक्टूबर अर्थात शनिवार को दशहरा के मौके पर पूर्व घोषित अवकाश जारी रहेगा। तीसरा दिन रविवार होने के कारण साप्ताहिक अवकाश रहेगा।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया है। परिषद का कहना है कि शारदीय नवरात्र में अधिकतर कर्मचारी 9 दिनों तक व्रत रखकर देवी के नव रूपों की उपासना करते हैं। हिन्दु सनातनियों के लिए महाष्टमी एवं महानवमी का व्रत अत्यधिक महत्वपूर्ण है। इस दिन सभी सनातनियों के घर पर हवन पूजन किया जाता है।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष जे एन तिवारी के अनुसार 2024 के अवकाश के कैलेंडर में अष्टमी नवमी के लिए कोई अवकाश घोषित नहीं था। नवरात्रि का व्रत रखनेवाले व्रती साधकों को परेशानी हो रही थी। कर्मचारी अष्टमी नवमी की छुट्टी की मांग कर रहे थे । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने अष्टमी नवमी की छुट्टी घोषित कर कर्मचारियों की चिंता का निवारण किया है।