कांवड़ यात्रा में अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, सोशल मीडिया की चौबीसों घंटे निगरानी के निर्देश

Panchayat 24 (लखनऊ) : श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने व्यापक प्रशासनिक तैयारियों का खाका अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट संदेश दिया है कि आस्था के इस महापर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, फेक न्यूज, सामाजिक वैमनस्य फैलाने की कोशिश या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने वालों के विरुद्ध तत्काल एवं कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
शुक्रवार देर शाम शासन स्तर पर आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी पुलिस आयुक्तों, मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में श्रावण मास, कांवड़ यात्रा, श्रावणी शिवरात्रि, चेहल्लुम, स्वतंत्रता दिवस, बरावफात और रक्षाबंधन जैसे आगामी आयोजनों के मद्देनज़र सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता, आपदा प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं की स्थिति का विस्तृत आकलन किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा अब केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक सीमित धार्मिक आयोजन नहीं रह गई है, बल्कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में लाखों श्रद्धालु इसमें भाग लेते हैं। इसलिए प्रत्येक जनपद में सुरक्षा और जनसुविधाओं का स्तर समान रूप से प्रभावी होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्थानीय प्रशासन कांवड़ संघों और शिविर संचालकों के साथ सतत संवाद बनाए रखे, सभी शिविरों का समयबद्ध सत्यापन करे तथा यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व प्रत्येक व्यवस्था का स्थलीय परीक्षण कर किसी भी कमी को दूर कर लिया जाए।
ड्रोन, सीसीटीवी और पुलिस पेट्रोलिंग से होगी सतत निगरानी
मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से और अधिक सशक्त बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि संवेदनशील स्थलों, प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी नेटवर्क और पुलिस पेट्रोलिंग के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाए। संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई हो तथा किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना का तत्काल तथ्यात्मक खंडन किया जाए, ताकि सामाजिक सौहार्द प्रभावित न होने पाए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों की मरम्मत तत्काल पूरी कराई जाए तथा मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, विश्राम स्थल और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा शिविरों, एम्बुलेंस सेवाओं और आवश्यक दवाओं के साथ पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया। विशेष रूप से एंटी वेनम और एंटी रैबीज इंजेक्शन की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। प्रमुख स्नान घाटों पर महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम स्थापित करने तथा सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से आवश्यक सूचनाओं के साथ भजन-संगीत प्रसारित करने पर भी बल दिया गया।





