ग्रेटर नोएडा में श्रमिक–उद्यमी समन्वय को बढ़ावा, प्राधिकरण की पहल पर अहम बैठक आयोजित
Promoting Worker-Entrepreneur Coordination in Greater Noida: Key Meeting Organized at the Initiative of the Authority

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों और फैक्ट्री मालिकों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की दिशा में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में रविवार को प्राधिकरण के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रशासन, पुलिस और विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने उद्यमी संगठनों को कारखाना विभाग द्वारा जारी नए दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी। एडीएम मंगलेश दुबे ने स्पष्ट किया कि किसी भी श्रमिक को अनावश्यक रूप से कार्य से नहीं हटाया जाएगा। साथ ही, ओवरटाइम कार्य के लिए श्रमिकों को दोगुनी दर से भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा, जिसमें किसी प्रकार की कटौती नहीं होगी।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रत्येक श्रमिक को साप्ताहिक अवकाश प्रदान करना अनिवार्य होगा। यदि रविवार को कार्य कराया जाता है, तो उसके लिए भी दोगुनी दर से भुगतान किया जाएगा। श्रमिकों को नियमानुसार बोनस का भुगतान अधिकतम 30 नवंबर तक सीधे उनके बैंक खातों में किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा घोषित वेतन वृद्धि को लागू तिथि से ही श्रमिकों को प्रदान करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त प्रत्येक औद्योगिक इकाई में कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम के लिए समिति का गठन अनिवार्य किया गया है, जिसकी अध्यक्ष एक महिला होगी। साथ ही शिकायत पेटी स्थापित करने और श्रमिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि सभी श्रमिकों के वेतन का भुगतान प्रत्येक माह की 10 तारीख तक एकमुश्त किया जाए और उन्हें वेतन पर्ची उपलब्ध कराई जाए।
डीसीपी पुलिस प्रवीण रंजन सिंह ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है, जिसके लिए उद्यमियों और श्रमिकों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
वहीं, एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने सभी उद्यमी संगठनों से अपील की कि वे एक सकारात्मक और स्वस्थ कार्य वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें, जिससे औद्योगिक विकास के साथ-साथ श्रमिकों के हित भी सुरक्षित रह सकें।
यह बैठक औद्योगिक संबंधों को मजबूत करने और श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
बैठक में एसीईओ सुमित यादव, एडीएम मंगलेश दुबे, ओएसडी नवीन कुमार सिंह, प्रबंधक उद्योग अरविंद मोहन सिंह तथा डीसीपी पुलिस प्रवीण रंजन सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा नोएडा एंट्रेप्रिन्योर एसोसिएशन, इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन, इंडिया इंडस्टरीज एसोसिएशन, इंडस्ट्रियल एंट्रेप्रिन्योर एसोसिएशन, ग्रेटर नोएडा एंट्रेप्रिन्योर एसोसिएशन, लघु उद्योग भारती और ईकोटेक-12 एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में सहभागिता की।



