Panchayat24 : नोएडा में ब्रहस्पतिवार शाम को मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से एक बार सवार युवक घायल हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपी शहर में मोर्निंग वाॅक पर निकलने वाले लोगों से लूटपाट करता था। पुलिस ने आरोपी को उपचार के लिए करीब के अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। मामला सेक्टर-20 कोतवाली क्षेत्र का है।
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के अनुसार सेक्टर-20 कोतवाली पुलिस सेक्टर-29 के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी पुलिस को बाइक सवार आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने बाइक सवार को जांच के लिए रूकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर आरोपी मौके से भाग निकला। पुलिस ने पीछा किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली पैर में लगने से वह घायल हो गया। आरोपी की पहचान विशाल निवासी विवेक विहार दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक बाइक, तमंचा, जिंदा कारतूस और नोएडा के सेक्टर-20 से लूटी गई सोने की चेन बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने नोएडा गौतम बुद्ध नगर सहित आसपास के कई जिलो में वारदातों को अंजाम दिया है। उसके खिलाफ दिल्ली के गीता कॉलोनी, मयूर विहार और सरिता विहार में भी कई मामले दर्ज हैं।