अयोध्या दान प्रकरण: एसआईटी को जांच पूरी करने के लिए मिला अतिरिक्त समय, 15 जुलाई तक देनी होगी रिपोर्ट

Panchayat 24 (लखनऊ, 1 जुलाई) : अयोध्या तीर्थ क्षेत्र से जुड़े दान प्रकरण की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) को अपनी जांच पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एसआईटी की समय-सीमा बढ़ाते हुए उसे 15 जुलाई तक अपनी अंतिम रिपोर्ट गृह विभाग को सौंपने के निर्देश दिए हैं।
बताया गया है कि मामले के विभिन्न पहलुओं की व्यापक एवं गहन जांच अभी जारी है। इसी कारण एसआईटी ने मुख्यमंत्री से अतिरिक्त समय की मांग की थी, जिसे स्वीकार कर लिया गया।
गौरतलब है कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर गठित एसआईटी को मुख्यमंत्री पहले ही स्पष्ट निर्देश दे चुके हैं कि जांच पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और तथ्यों के आधार पर की जाए। उन्होंने कहा था कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जांच के जरिए सच्चाई पूरी तरह सामने लाई जाएगी।
इससे पूर्व 23 जून को एसआईटी के प्रमुख सदस्य एवं लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने गृह विभाग को प्रारंभिक जांच प्रतिवेदन सौंपा था, जिसमें कड़ी कार्रवाई की संस्तुतियां की गई थीं। इन्हीं संस्तुतियों के आधार पर 25 जून को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कृष्णमोहन की लिखित शिकायत पर श्रीराम जन्मभूमि थाने में पहली एफआईआर दर्ज की गई। इस मुकदमे में आठ लोगों को नामजद करते हुए अन्य अज्ञात व्यक्तियों को भी अभियुक्त बनाया गया था। पुलिस अब तक सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।





