बड़ी कार्रवाई: नोएडा प्रकधिकरण ने पांच हजार वर्गमीटर भूमि से हटाया अतिक्रमण, अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर

Panchayat 24 (नोएडा) : नवीन ओखला औद्योगिक विकास प्राधिकरण (नोएडा प्राधिकरण) ने अवैध अतिक्रमण और प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम सोरखा जाहिदाबाद क्षेत्र में करीब पांच हजार वर्गमीटर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध प्लॉटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया। कब्जा मुक्त कराई गई जमीन की बाजार के कीमत करोड़ों रूपये बताई गई है।
प्राधिकरण के के अनुसार, बुधवार को नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्किल-6, भूलेख विभाग तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम सोरखा जाहिदाबाद स्थित खसरा संख्या-152 पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण स्टाफ और पुलिस बल के लगभग 80 कर्मियों की मौजूदगी रही।
प्राधिकरण महाप्रबंधक ए के अरोड़ा ने बताया कि अतिक्रमणकारियों द्वारा अधिसूचित क्षेत्र की भूमि पर अवैध रूप से प्रीकास्ट बाउंड्रीवाल और गेट लगाकर कब्जा किया गया था तथा प्लॉटिंग की तैयारी की जा रही थी। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर दो जेसीबी मशीनों की मदद से पूरे अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
महाप्रबंधक के अनुसार, अतिक्रमणकारियों को पूर्व में दो बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन उनके द्वारा किसी प्रकार का जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई गई।
नोएडा प्राधिकरण ने आम जनता को भी सतर्क करते हुए अपील की है कि वे इस प्रकार की अवैध प्लॉटिंग और भू-माफियाओं के झांसे में आकर जमीन की खरीद-फरोख्त न करें। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि अधिसूचित एवं अधिग्रहीत भूमि पर किए गए किसी भी अवैध निर्माण के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



