नोएडा प्राधिकरण

नोएडा प्राधिकरण का अवैध कब्जों पर बड़ा प्रहार: सात फार्महाउस ध्वस्त, 32 हजार वर्गमीटर से अधिक भूमि कराई अतिक्रमण मुक्त

Panchayat 24 (नोएडा): नोएडा प्राधिकरण ने अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के विरुद्ध अपने अभियान को और तेज करते हुए गुरुवार को कार्य सर्किल-10 के अंतर्गत ग्राम कोंडली बांगर तथा ग्राम झट्टा में व्यापक ध्वस्तीकरण कार्रवाई की। इस संयुक्त अभियान में अवैध रूप से विकसित किए जा रहे फार्महाउसों और प्लॉटिंग को जमींदोज कर प्राधिकरण ने लगभग 32,670 वर्गमीटर मूल्यवान भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया।

प्राधिकरण के अनुसार, ग्राम कोंडली बांगर के डूब क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से विकसित किए जा रहे फार्महाउसों पर कार्रवाई करते हुए लगभग सात अवैध फार्महाउस ध्वस्त किए गए। इस कार्रवाई के दौरान करीब 10,000 वर्गमीटर भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। यह अभियान पुलिस बल की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

इसी क्रम में कार्य सर्किल-10 की टीम ने ग्राम झट्टा के खसरा संख्या-456 में भी दोबारा अवैध कब्जा कर की जा रही प्लॉटिंग और निर्माण गतिविधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की। अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमणकारियों ने प्राधिकरण की अधिसूचित भूमि पर पुनः सीमांकन कर अवैध निर्माण शुरू कर दिया था, जिसे तत्काल ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई में लगभग 22,670 वर्गमीटर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।

प्राधिकरण का कहना है कि अधिसूचित क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अनधिकृत निर्माण, अवैध प्लॉटिंग अथवा सरकारी भूमि पर कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में निरंतर निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

नोएडा प्राधिकरण ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे बिना वैधानिक स्वीकृति के विकसित की जा रही कॉलोनियों, फार्महाउस परियोजनाओं अथवा प्लॉटों की खरीद-फरोख्त से बचें। अवैध परियोजनाओं में निवेश न केवल आर्थिक जोखिम पैदा करता है, बल्कि ऐसी संपत्तियों पर प्राधिकरण की कार्रवाई की संभावना भी बनी रहती है।

Related Articles

Back to top button