डी-कंपनी को बड़ा झटका: दाऊद गिरोह का सदस्य 50 हजार का इनामी नसीम नोएडा एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में ढेर

दाऊद गिरोह का सदस्य बताया जा रहा था नसीम उर्फ रिजवान, हत्या के प्रयास और हत्या समेत 26 से अधिक मुकदमे थे दर्ज; अस्पताल में उपचार के दौरान हुई मौत
Panchayat 24 (बुलंदशहर) : बुलंदशहर के सिकंदराबाद थाना क्षेत्र में देर रात यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट और दिल्ली क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए एक बदमाश को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान नसीम उर्फ रिजवान पुत्र इस्लामुद्दीन उर्फ बुंडू, निवासी मुस्तफाबाद, थाना दयालपुर, दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, नसीम कुख्यात डी कंपनी यानी दाऊद गिरोह का सदस्य था। वह वर्तमान में गाजियाबाद के लोनी थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसके अतिरिक्त वह दिल्ली में दर्ज हत्या के दो मामलों में भी वांछित बताया जा रहा था।
हत्या समेत 26 से अधिक आपराधिक मुकदमे
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, नसीम का आपराधिक इतिहास काफी लंबा था। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश और दिल्ली में हत्या के चार मुकदमों सहित हत्या के प्रयास, रंगदारी वसूली (एक्सटॉर्शन) और अन्य गंभीर अपराधों के 26 से अधिक मामले दर्ज थे। दिल्ली के खजूरी खास इलाके में पिछले छह महीनों के दौरान हुई दो सनसनीखेज हत्याओं में भी उसकी संलिप्तता बताई जा रही है।
छोटा शकील के इशारे पर ली थी हत्या की सुपारी
नसीम का नाम अंतरराष्ट्रीय आपराधिक साजिशों से भी जुड़ा रहा है। उपलब्ध पुलिस जानकारी के अनुसार, उसने छोटा शकील के कहने पर पाकिस्तानी-कनाडाई मूल के तारिक फतेह और तिहाड़ जेल में बंद छोटा राजन की हत्या की सुपारी ली थी। हालांकि, वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।





