एक पेड़ नहीं, परिवार का सदस्य बिछड़ गया!

डॉ देवेंद्र कुमार शर्मा
वसुधैव कुटुंबकम् अर्थात संपूर्ण पृथ्वी एक परिवार है। यह केवल सनातन संस्कृति का उदात्त उद्घोष नहीं, बल्कि जीवन और प्रकृति को देखने की हमारी दृष्टि भी है। प्रश्न उठता है कि परिवार का वास्तविक अर्थ क्या है? पश्चिमी चिंतक अरस्तू ने परिवार की परिधि में पति-पत्नी, माता-पिता, संतान और स्वामी-सेवक के संबंधों को रखा था। लेकिन भारतीय चिंतन में परिवार की सीमाएं इतनी संकीर्ण नहीं हैं। यहां परिवार का विस्तार समस्त जीव-जगत तक है। मनुष्य ही नहीं, पशु-पक्षी, पेड़-पौधे और प्रकृति के वे सभी घटक भी हमारे परिवार का हिस्सा हैं, जो एक-दूसरे के अस्तित्व और जीवन को संभव बनाते हैं।
आज इस दर्शन की चर्चा करने का एक निजी कारण है। मेरे परिवार का एक सदस्य हमसे बिछड़ गया है। वह न बोलता था, न अपनी भावनाएं व्यक्त कर सकता था, लेकिन उसके साथ हमारा रिश्ता इतना गहरा था कि उसके जाने का दुःख किसी आत्मीय के बिछड़ने से कम नहीं है। यहां बात किसी मनुष्य की नहीं, बल्कि एक नीम के पेड़ की हो रही है।
लगभग दो दशक पहले, बरसात के बाद हमारे घर की बैठक के बाहर पड़े कूड़े-करकट के बीच सड़क किनारे नीम का एक नन्हा पौधा जन्मा था। शुरुआत में उसका अस्तित्व ही अनिश्चित था। आवारा पशुओं ने उसे कई बार रौंदा, उसकी टहनियां तोड़ीं और वह बार-बार क्षतिग्रस्त हुआ। लेकिन शायद उसकी जीवन-यात्रा अभी लंबी थी। हर चोट के बाद वह फिर सिर उठाकर खड़ा हो जाता।
एक दिन दादाजी की नजर उस नन्हे पौधे पर पड़ी। उन्होंने उसके आसपास से कूड़ा हटाया और ईंट-पत्थरों की छोटी-सी सुरक्षा दीवार बना दी। गर्मियों में जब बैठक के बाहर पानी का छिड़काव होता, तब उस पौधे को पानी देना भी हमारी दिनचर्या का हिस्सा बन गया। धीरे-धीरे वह बढ़ने लगा। एक बार तेज हवा में उसका एक हिस्सा टूट गया तो उसे लकड़ी का सहारा देकर बांध दिया गया। कुछ समय बाद वही पौधा अपने पैरों पर खड़ा होने लायक हो गया। दादाजी समय-समय पर उसकी छंटाई भी करते रहे।
देखते ही देखते वह नन्हा पौधा एक विशाल नीम के पेड़ में बदल गया। अब उसे किसी सहारे की जरूरत नहीं थी। उसकी शाखाएं फैल चुकी थीं और घनी छाया राहगीरों को भी तपती गर्मी से राहत देने लगी थी। वह केवल हमारी बैठक का हिस्सा नहीं रहा, बल्कि पूरे आस पड़ोस की पहचान बन गया था।
उस पेड़ ने हमारे घर को एक ऐसा पता दे दिया था, जिसे किसी नक्शे या संकेतक की जरूरत नहीं थी। अनजान लोगों को रास्ता बताना होता तो बस इतना कहना पर्याप्त था—जहां सड़क के ऊपर झुका हुआ बड़ा नीम का पेड़ दिखाई दे, वहीं हमारा घर है। वह पेड़ हमारे घर का पता ही नहीं, हमारी पहचान का एक जीवंत प्रतीक बन चुका था।
समय बदला। गांव की पुरानी सड़क के चौड़ीकरण का काम शुरू हुआ। विकास की इस प्रक्रिया में अनेक पेड़ों की बलि दी जा रही थी। हमारा नीम भी सड़क की सीमा में आ रहा था। हम जानते थे कि एक दिन उसे भी काट दिया जाएगा। यह कल्पना ही मन को उदास कर देती थी, लेकिन सड़क चौड़ीकरण के सामने हमारी भावनाएं असहाय थीं।
फिर एक ऐसी घटना घटी, जिसने इस बिछोह को और भी पीड़ादायक बना दिया।
बीते रविवार की देर रात सड़क से गुजर रहे एक कंटेनर में सड़क के ऊपर झुकी नीम की एक विशाल शाखा फंस गई। टक्कर और खिंचाव के कारण पेड़ लगभग जड़ समेत उखड़ गया। उसकी वजह से पूरी रात सड़क पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने पेड़ काटने वाले लोगों को बुलाया। रातभर उसकी शाखाओं और तने को काटकर रास्ता साफ किया जाता रहा, ताकि आवागमन फिर शुरू हो सके।
सोमवार तड़के लगभग पांच बजे पिताजी ने बताया—आज नीम का पेड़ नहीं रहा!
यह सुनते ही मन को जैसे किसी ने भीतर तक झकझोर दिया। बाहर निकलकर देखा तो सचमुच वह अपनी जगह पर नहीं था। उसकी विशाल शाखाएं और तना अलग-अलग टुकड़ों में बंटे पड़े थे। कभी आसमान को छूने की आकांक्षा रखने वाला वह वृक्ष अब जमीन पर बिखरा हुआ था। उसकी स्मृति के रूप में केवल कुछ जड़ें और तने का एक हिस्सा शेष था, जिसे संभवतः एक-दो दिन में वहां से हटा दिया जाएगा।
उस क्षण महसूस हुआ कि हमने केवल एक पेड़ नहीं खोया है। हमने अपने जीवन के दो दशकों से अधिक समय की एक जीवंत स्मृति खो दी है। वह छाया, जिसके नीचे गर्मियों में सुकून मिलता था; वह पहचान, जिसके सहारे लोग हमारा घर खोजते थे; वह मौन साथी, जिसने बिना किसी अपेक्षा के परिवार और राहगीरों को राहत दी—सब एक साथ स्मृतियों में सिमट गए।
आज सोचता हूं तो उस नन्हे पौधे से लेकर विशाल वृक्ष बनने तक की पूरी यात्रा आंखों के सामने घूम जाती है। कभी पशुओं से बचाया, कभी टूटने पर सहारा दिया, कभी पानी देकर सींचा और कभी उसकी शाखाओं को बढ़ते हुए देखा। शायद इसी निरंतर साथ ने एक निर्जीव वस्तु और सजीव प्राणी के बीच का अंतर हमारे लिए मिटा दिया था। वह हमारे लिए केवल वनस्पति नहीं, परिवार का हिस्सा बन गया था।
नहीं जानता कि मनुष्य और उस नीम के बीच विकसित हुए इस रिश्ते को क्या नाम दूं। लेकिन इतना अवश्य जानता हूं कि उसका जाना भीतर एक खालीपन छोड़ गया है। वह किसी से कुछ मांगता नहीं था, फिर भी सबको कुछ न कुछ देता था। शायद परोपकार की इससे सरल और सुंदर परिभाषा नहीं हो सकती।
वसुधैव कुटुंबकम् का वास्तविक अर्थ शायद यही है कि परिवार केवल उनसे नहीं बनता, जिनसे हमारा रक्त का रिश्ता हो; परिवार उनसे भी बनता है, जिनके अस्तित्व से हमारा जीवन जुड़ा हो।
आज हमारा नीम नहीं है, लेकिन उसकी छाया, उसकी पहचान और उससे जुड़ी स्मृतियां हमारे साथ रहेंगी। सचमुच, कभी-कभी एक पेड़ का कटना भी किसी अपने के बिछड़ जाने जैसा होता है।





