नोएडा विधानसभा

कलियुग के कालनेमियों पर भारी पड़े रामभक्त : विघ्नों के बीच गूंजती रही ‘अपने-अपने राम’ की कथा

डॉ देवेंद्र कुमार शर्मा

त्रेता में संजीवनी के मार्ग में कालनेमि खड़ा था, कलियुग में रामकथा के मार्ग में विघ्नसंतोषी; लेकिन रामकाज की राह रोकना न तब संभव हुआ, न अब।

रामायण में कालनेमि का प्रसंग केवल एक मायावी राक्षस की कथा नहीं, बल्कि उस प्रवृत्ति का प्रतीक है जो शुभ कार्यों में बाधा डालने के लिए साधुता का आवरण तक ओढ़ लेती है। रावण ने जब हनुमानजी को संजीवनी लाने के लिए हिमालय जाते देखा तो कालनेमि को उनके मार्ग में विघ्न डालने के लिए भेजा। उसने साधु का वेश धारण किया, लेकिन उसकी मंशा उजागर हो गई। अंततः कालनेमि पराजित हुआ और हनुमानजी संजीवनी सहित पर्वत लेकर लौटे।

त्रेता युग का यह प्रसंग आज भी प्रासंगिक है। समय बदला, परिवेश बदला, पात्रों के नाम और चेहरे बदले, लेकिन शुभ कार्यों में विघ्न डालने वाली मानसिकता आज भी जीवित है। नोएडा में प्रसिद्ध कवि एवं कथावाचक डॉ. कुमार विश्वास की रामकथा ‘अपने-अपने राम’ के आयोजन में कुछ ऐसी ही प्रवृत्ति के दर्शन हुए।

सेक्टर-38 स्थित आयोजन स्थल पर उद्यमी, शिक्षाविद् एवं समाजसेवी मुकेश शर्मा की ओर से आयोजित तीन दिवसीय रामकथा में डॉ. कुमार विश्वास ने स्वयं मंच से बताया कि पिछले दो दिनों में आयोजन को असफल कराने के प्रयास किए गए। इसके बावजूद हजारों की संख्या में उमड़े रामभक्तों की उपस्थिति ने तमाम आशंकाओं और विघ्नों को निरर्थक साबित कर दिया।

सवाल केवल इतना नहीं है कि किसी ने रामकथा के आयोजन में बाधा डालने का प्रयास क्यों किया? बड़ा सवाल यह है कि जिस समाज में प्रभु श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और लोकमंगल की चर्चा हो रही हो, वहां किसी को उस आयोजन की सफलता से आखिर परेशानी क्यों हो सकती है? यदि किसी आयोजन से वैचारिक असहमति है तो उसका उत्तर तर्क और संवाद हो सकता है भ्रम या कार्यक्रम को लेकर षड़यंत्र नहीं।

इस आयोजन के साथ राजनीतिक चर्चाओं का एक दूसरा अध्याय भी जुड़ा हुआ था। कथा से पहले मुकेश शर्मा का नाम नोएडा विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के संभावित दावेदारों में चर्चा का विषय बना हुआ था। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी थी कि पार्टी के भीतर उनकी दावेदारी मजबूत है और रामकथा के आयोजन के बाद उनका टिकट लगभग तय हो सकता है। हालांकि ये राजनीतिक चर्चाएं थीं, कोई आधिकारिक निर्णय नहीं।

इसी पृष्ठभूमि में आयोजन को लेकर पैदा किए गए कथित भ्रम और षड़यंत्रो को कुछ लोग राजनीतिक प्रतिस्पर्धा, प्रतिद्वंद्विता और निजी हितों से जोड़कर देख रहे थे। यह भी चर्चा रही कि आयोजन से जुड़े कुछ लोगों की अपेक्षाएं पूरी नहीं होने के कारण विरोध का वातावरण बनाया गया। कुछ भी हो लेकिन इतना अवश्य है कि किसी पवित्र धार्मिक आयोजन को राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता का अखाड़ा बनाना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं कहा जा सकता।

विडंबना देखिए, जिस कथा का मूल संदेश अहंकार के पराभव, मर्यादा की स्थापना और लोकमंगल का है, उसी के आयोजन में कुछ लोगों की कथित विघ्नकारी भूमिका चर्चा का विषय बन गई। यह कालनेमि की उसी प्रवृत्ति का आधुनिक रूपक है, जिसमें उद्देश्य साधना नहीं, साधना के मार्ग को बाधित करना होता है।

गोस्वामी तुलसीदास ने लिखा है—

‘राम काजु कीन्हें बिनु मोहि कहाँ विश्राम।’

हनुमानजी के चरित्र का यह भाव बताता है कि जब उद्देश्य लोकमंगल और प्रभु का कार्य हो, तब बाधाएं संकल्प को कमजोर नहीं कर सकतीं। नोएडा की रामकथा में भी यही दृश्य दिखाई दिया। तीन दिनों तक कथा का प्रवाह जारी रहा और आयोजकों के अनुसार लगभग बीस हजार लोगों ने रामकथा का रसास्वादन किया।

अंततः प्रश्न यह नहीं कि कालनेमि कितने थे और उनके प्रयास कितने प्रभावी रहे। प्रश्न यह है कि समाज में हम किस प्रवृत्ति के साथ खड़े हैं—सृजन के साथ या विघ्न के साथ? रामकथा का संदेश किसी व्यक्ति, दल अथवा राजनीतिक महत्वाकांक्षा से बड़ा है। उसे संकीर्ण स्वार्थों में बांधने का प्रयास स्वयं उसी मर्यादा का अपमान है, जिसका पाठ भगवान श्रीराम का जीवन पढ़ाता है।

त्रेता में कालनेमि हनुमानजी को संजीवनी लाने से रोक नहीं सका। कलियुग में भी रामभक्तों की आस्था के सामने कथित विघ्नकारी प्रयास सफल नहीं हो सके। यही इस पूरे वृत्तांत का सबसे बड़ा संदेश है—रामकाज में विघ्न डालने वाले इतिहास में कालनेमि कहलाते हैं और रामकाज को आगे बढ़ाने वाले आस्था के वाहक।

Related Articles

Back to top button