ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण

भनौता में अवैध निर्माण पर चला बुल्डोजर, 80 करोड़ की जमीन कराई मुक्त

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अधिसूचित क्षेत्र भनौता में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 40 हजार वर्ग मीटर भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाकर जमीन को मुक्त कराया है। प्राधिकरण के अनुसार मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत करीब 80 करोड़ रुपये है।

जानकारी के मुताबिक ग्राम भनौता के खसरा संख्या 132, 133 और 135 सहित आसपास की भूमि पर कुछ कॉलोनाइजर अवैध रूप से प्लॉटिंग करने की तैयारी में थे। यह भूमि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अधिग्रहित एवं अधिसूचित जमीन बताई गई है। मामले की सूचना मिलने के बाद प्राधिकरण ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

यह कार्रवाई प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि कुमार के निर्देश पर भूलेख एवं परियोजना विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई। अभियान का संचालन वर्क सर्किल-2 की टीम ने किया। करीब दो घंटे तक चले इस अभियान में बुल्डोजर की मदद से अवैध निर्माण हटाया गया।

कार्रवाई के दौरान वरिष्ठ प्रबंधक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में प्रबंधक रोहित गुप्ता, प्रबंधक अभिषेक सिंह, सहायक प्रबंधक मनोज चौधरी समेत सुरक्षा कर्मियों की टीम मौजूद रही।

प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना स्वीकृति या नक्शा पास कराए किसी भी प्रकार का निर्माण अवैध माना जाएगा और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से पूरी जानकारी लेने की अपील भी की।

अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि दोबारा अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button