ग्रेटर नोएडा जोन

जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए हाईटेक सुरक्षा कवच, 5 नई पुलिस चौकियां और सात पीसीआर तैनात

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए व्यापक कदम उठाए हैं। इस पहल के तहत एयरपोर्ट क्षेत्र में पांच नई अस्थायी पुलिस चौकियों की स्थापना की गई है, जिससे आंतरिक और बाहरी सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सके।

इन चौकियों में माइल स्टोन-32 किमी, कार्गो टर्मिनल, डोमेस्टिक टर्मिनल, माइल स्टोन-27 किमी और माइल स्टोन-15 किमी शामिल हैं। इनमें से कुछ चौकियां नवसृजित ‘जेवर डोमेस्टिक टर्मिनल पुलिस स्टेशन’ के अंतर्गत संचालित हो रही हैं, जबकि अन्य को रबूपुरा और दनकौर थाना क्षेत्रों में स्थापित किया गया है।

इसके अलावा एयरपोर्ट क्षेत्र की निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया को सुनिश्चित करने के लिए सात नए पीसीआर/पीआरवी वाहनों की भी तैनाती की गई है। ये वाहन यमुना एक्सप्रेस-वे और एयरपोर्ट के मुख्य मार्गों पर लगातार गश्त करेंगे। विशेष रूप से जेवर टोल से फलैदा कट तक और एयरपोर्ट कनेक्टिविटी मार्गों पर निगरानी बढ़ाई गई है।

पुलिस द्वारा बाहरी क्षेत्रों में भी गश्त की मजबूत व्यवस्था की गई है, जिसमें आसपास के गांवों और संपर्क मार्गों को कवर किया जा रहा है। सभी तैनात पीआरवी वाहनों को आधुनिक सुरक्षा उपकरणों से लैस किया गया है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई संभव हो सके।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इन व्यवस्थाओं से न केवल एयरपोर्ट की सुरक्षा मजबूत होगी, बल्कि यात्रियों और स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास भी बढ़ेगा। साथ ही, यातायात को सुचारू बनाए रखने और आपातकालीन स्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में भी यह कदम महत्वपूर्ण साबित होगा।

कमिश्नरेट द्वारा की गई यह पहल जेवर एयरपोर्ट क्षेत्र में आधुनिक और तकनीक आधारित पुलिसिंग की दिशा में एक अहम प्रयास मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button