ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई : 12 अस्थाई दुकानों को किया ध्वस्त, एक दर्जन रेहड़ी-पटरी भी जब्त

Panchayat 24 ( ग्रेटर नोएडा) : ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अर्बन सर्विस विभाग ने सड़क पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। तिलपता चौक से एक मूर्ति, एक मूर्ति से रोजा चौक, सेक्टर 16बी, एनटीपीसी सोसायटी एवं जगत फार्म मार्केट के आसपास अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया है।
अभियान के तहत चुहड़पुर गांव में 12 अवैध दुकानों को ध्वस्त किया गया। सड़क किनारे अस्थाई निर्माण करके दुकान संचालित की जा रही थी। इससे यातायात बाधित हो रहा था। इसके अतिरिक्त तीन काउंटर, एक तख्त एवं एक टेबल भी जब्त कर प्राधिकरण के स्टोर में जमा करा दिया गया। वहीं, शाहबेरी रोड एवं एटीएस सोसाइटी के आसपास भी अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी मुकेश कुमार सिंह ने चेतावनी दी है कि सड़क किनारे रेहड़ी-पटरी, क्योस्क व अन्य टेंपरेरी दुकानें खोलकर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




