अन्य जिले

एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में एक लाख का इनामी पेंडा ढेर, दो दशक से आतंक का पर्याय बना हुआ था

Panchayat 24 (लखनऊ/अम्बेडकरनगर) : उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ ) ने मंगलवार तड़के एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय छैमार गैंग के कुख्यात और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश विक्की उर्फ आसिम अली उर्फ नक्शे हसन उर्फ पेंडा को मुठभेड़ में मार गिराया। अम्बेडकरनगर के बेवाना थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान बदमाश ने अपने साथी के साथ पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हुआ और जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं इसका साथी मौका पाकर फरार हो गया।

यूपी एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार मिश्रा के अनुसार नोएडा फील्ड यूनिट को सूचना मिली थी कि छैमार गैंग के सदस्य किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से अम्बेडकरनगर में सक्रिय हैं। इसी इनपुट पर मंगलवार सुबह बेवाना क्षेत्र में घेराबंदी की गई। पुलिस टीम को देखकर दोनों बदमाश मोटरसाइकिल से भाग निकले। पीछा करने पर उनकी बाइक बारिश के कारण कच्चे रास्ते पर फिसल गई। इसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

मुठभेड़ के दौरान एक गोली एसटीएफ निरीक्षक की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी, जबकि एक मुख्य आरक्षी के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए। एसटीएफ ने संयमित लेकिन प्रभावी जवाबी फायरिंग की, जिसमें विक्की उर्फ आसिम अली घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मुठभेड़ स्थल से एसटीएफ ने मौके से तमंचा, बड़ी मात्र में जिन्दा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

एसटीएफ के अनुसार मारा गया बदमाश साल 2006 से अपराध की दुनिया में सक्रिय था। जेल से छूटने के बाद उसने अपने गैंग के साथ उत्तर प्रदेश और हरियाणा सहित कई राज्यों में हत्या, डकैती, लूट और खूनी वारदातों की लंबी श्रृंखला को अंजाम दिया। उसके खिलाफ 21 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। जौनपुर के चर्चित डकैती-हत्याकांड सहित कई सनसनीखेज मामलों में वह वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

एसटीएफ अनुसार विक्की उर्फ आसिम अली को बाराबंकी और हरियाणा के कुछ मामलों में न्यायालय से सजा भी मिल चुकी थी। इसके बावजूद वह फरार रहकर अपने गैंग के साथ लगातार संगीन वारदातों को अंजाम देता रहा। एसटीएफ उसकी अन्य आपराधिक गतिविधियों की भी जांच कर रही है। फरार बदमाश की तलाश में एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Related Articles

Back to top button