नोएडा प्राधिकरणनोएडा विधानसभा

25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में सजेगा यूपीआईटीएस-2026, मुख्यमंत्री योगी ने किया ऐलान

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा, 27 जून) : उत्तर प्रदेश सरकार ने एमएसएमई दिवस के अवसर पर नोएडा में आयोजित भव्य कर्टन रेज़र समारोह में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS-2026) के चौथे संस्करण की औपचारिक घोषणा की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज औद्योगिक विकास, निवेश और निर्यात के क्षेत्र में नई पहचान बना चुका है तथा यूपीआईटीएस प्रदेश को वैश्विक सोर्सिंग हब बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने बताया कि 25 से 29 सितंबर 2026 तक India Expo Centre & Mart में आयोजित होने वाले इस मेगा ट्रेड शो में पहली बार ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुज़ीन (ODOC)’ पहल को शामिल किया जाएगा, जिसके माध्यम से प्रदेश के पारंपरिक व्यंजन और खाद्य संस्कृति को वैश्विक मंच मिलेगा।

कार्यक्रम में भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि यूपीआईटीएस एमएसएमई, ओडीओपी, स्टार्टअप और कारीगरों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने एमएसएमई क्लस्टर पार्क, ट्रेड प्रमोशन सेंटर, ओडीओपी कॉमन फैसिलिटी सेंटर सहित अनेक औद्योगिक परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। साथ ही विश्वकर्मा श्रम सम्मान एवं ओडीओपी योजना के लाभार्थियों को टूलकिट वितरित किए तथा उत्कृष्ट उद्यमियों को सम्मानित किया।

पिछले संस्करण की सफलता का उल्लेख करते हुए बताया गया कि वर्ष 2025 में पाँच लाख से अधिक आगंतुक, 2,228 प्रदर्शक तथा 85 देशों के 550 से अधिक विदेशी खरीदार ट्रेड शो में शामिल हुए थे। सरकार को विश्वास है कि यूपीआईटीएस-2026 प्रदेश में निवेश, निर्यात और वैश्विक व्यापारिक साझेदारियों को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने वाला अब तक का सबसे बड़ा संस्करण सिद्ध होगा।

#YogiAdityanath #GreaterNoida #MSME #InvestInUP

Related Articles

Back to top button