कौन होंगे 973 भाग्यशाली जो बनाएंगे यीडा में अपने सपनों का घर ? लॉटरी से आज होगा फैसला 973 Lucky Applicants to Get Their Dream Homes in YEIDA: Residential Plot Scheme RPS-10/2026 Draw Today in Greater Noida

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की बहुप्रतीक्षित आवासीय भूखंड योजना आरपीएस-10/2026 का इंतजार अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। गुरुवार, 18 जून 2026 को सुबह 10 बजे इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में ड्रा (लॉटरी) के माध्यम से उन 937 भाग्यशाली आवेदकों का चयन किया जाएगा, जिन्हें यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में अपना आशियाना बनाने का अवसर मिलेगा। लाखों लोगों की उम्मीदों के बीच यह ड्रा केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के सपनों के साकार होने का निर्णायक क्षण बनने जा रहा है।
यीडा की इस योजना में अपने घर का सपना देखने वाले लोगों को अभूतपूर्व प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ेगा । प्राधिकरण को कुल 1,10,034 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि उपलब्ध भूखंडों की संख्या मात्र 973 है। यानी औसतन प्रत्येक भूखंड के लिए 113 से अधिक दावेदार मैदान में हैं। ऐसे में अधिकांश आवेदकों की किस्मत लॉटरी के चंद पलों में तय होगी।
सबसे ज्यादा मांग 200 वर्गमीटर के भूखंडों की
प्राधिकरण द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 200 वर्गमीटर श्रेणी सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र रही। इस श्रेणी के 481 भूखंडों के लिए 57,620 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं 162 वर्गमीटर के 476 भूखंडों के लिए 48,920 आवेदकों ने आवेदन किया है।
अन्य श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा भी बेहद कड़ी रही।
- 183 वर्गमीटर के 4 भूखंडों के लिए 566 आवेदन आए।
- 184 वर्गमीटर के 4 भूखंडों के लिए 539 लोगों ने दावेदारी पेश की।
- 223 वर्गमीटर के 6 भूखंडों के लिए 1,528 आवेदन प्राप्त हुए।
- 290 वर्गमीटर के केवल 2 भूखंडों के लिए 861 आवेदन आए हैं।
इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में आवासीय भूखंडों की मांग लगातार बढ़ रही है और लोग इसे भविष्य के सबसे बड़े निवेश एवं आवासीय गंतव्य के रूप में देख रहे हैं।
मैनुअल पर्ची प्रणाली से होगा चयन
यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने ने बताया की लॉटरी से ड्रा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए मैनुअल पर्ची प्रणाली अपनाई है। प्रत्येक पात्र आवेदक का नाम पर्ची के माध्यम से लॉटरी में शामिल किया जाएगा और भाग्य के आधार पर चयन होगा।
सीईओ ने बताया कि प्राप्त सभी आवेदनों की सूची तथा पात्र और अपात्र आवेदकों की जानकारी 15 जून 2026 को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित कर दी गई है, जिससे प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
न्यायिक निगरानी में होगा ड्रा
पूरी ड्रा प्रक्रिया आवंटन समिति और तीन पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में संपन्न होगी। इनमें एक सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीश भी शामिल रहेंगे। इसके अतिरिक्त पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार के विवाद की गुंजाइश न रहे।
घर के सपनों पर टिकी लाखों निगाहें
ड्रा का सीधा प्रसारण (लाइव स्ट्रीमिंग) यीडा के फेसबुक, यूट्यूब, दूरदर्शन उत्तर प्रदेश चैनल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा। ऐसे में देशभर के लाखों लोग अपने मोबाइल और टीवी स्क्रीन पर अपनी किस्मत का फैसला होते देख सकेंगे।
यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में प्रस्तावित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क, लॉजिस्टिक हब और औद्योगिक परियोजनाओं ने इस क्षेत्र की आवासीय मांग को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है। यही कारण है कि इस योजना की लॉटरी केवल भूखंड आवंटन नहीं, बल्कि भविष्य की संभावनाओं, निवेश के विश्वास और अपने सपनों के घर की उम्मीदों का उत्सव बन गई है।
अब सबकी निगाहें गुरुवार सुबह 10 बजे होने वाली उस लॉटरी पर टिकी हैं, जो तय करेगी कि 1,10,034 आवेदकों में से कौन से 937 परिवार यमुना नगरी में अपने सपनों के घर की नींव रखने का सुनहरा अवसर हासिल करेंगे।





