जिला प्रशासन

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट विस्तार : प्रतिकर वितरण के लिए 14 गांवों में लगेंगे विशेष कैंप

Panchayat 24 (जिला प्रशासन) : जेवर स्थित नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन के 3 दिन बाद हवाई अड्डा के दूसरों और तीसरे चरण के विस्तारीकरण से प्रभावित 14 गांवों के किसानों को प्रतिकार वितरण के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस कड़ी में बुधवार को जिलाधिकारी मेधा रूपम के साथ कलक्ट्रेट में एक अहम बैठक की। बैठक में अपर जिलाधिकारी (भू0/अ0) बच्चू सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह एवं संबंधित राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं शीघ्र संपन्न करने की निर्देश दिए।

जिलाधिकारी के अनुसार नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के दूसरे और तीसरे चरण के भूमि अर्जन के अंतर्गत जेवर तहसील के 14 गांवों की अर्जित अथवा अधिनिर्णीत 1838.4176 हेक्टेयर भूमि के प्रतिकर वितरण के कार्य में प्रभावित किसानों की सुविधा को पूरी तरह ध्यान में रखा जाएगा। आगामी 3 अप्रैल से अर्जन प्रभावित प्रत्येक ग्राम में प्रतिदिन चिह्नित स्थलों पर कैंप आयोजित किए जाएं। इन कैंपों के माध्यम से प्रभावित किसानों से प्रतिकर प्रपत्र प्राप्त कर प्रतिकर पत्रावली तैयार की जाएगी। इस कार्य के लिए जिलाधिकारी द्वारा प्रत्येक गांव के लिए राजस्व निरीक्षक, लेखपाल एवं अमीन को नामित किये गए हैं।


जिलाधिकारी ने जेवर तहसीलदार को सभी कैंपों का प्रभारी नियुक्त किया है। वह संबंधित नायब तहसीलदार के साथ प्रतिदिन सभी गांवों का भ्रमण करेंगे तथा तैयार की गई पत्रावलियों पर अपने हस्ताक्षर करेंगे। साथ ही, प्रत्येक दिन प्राप्त पत्रावलियों को सभी औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद अपर जिलाधिकारी (भू-अर्जन) कार्यालय को उपलब्ध कराएंगे।


प्रभावित किसानों की सहूलियत को देखते हुए आगामी 3 अप्रैल से थोरा गांव के प्राथमिक विद्यालय-1 थोरा, बंकापुर गांव के डॉ. अंबेडकर भवन बंकापुर, नीमका शाहजहांपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय-1, अहमदपुर चौरोली गांव के के पंचायत भवन, ख्वाजपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय, रामनेर गांव के प्राथमिक विद्यालय, किशोरपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय, बनवारीबांस गांव के प्राथमिक विद्यालय, पारोही गांव के डॉ. अंबेडकर भवन पारोही, रोही गईं के डॉ. अंबेडकर भवन पारोही, मुकीमपुर शिवारा गांव के प्राथमिक विद्यालय, जेवर बांगर गांव के प्राथमिक विद्यालय साबोता जाफराबाद, साबोता मुस्तफाबाद गांव के पंचायत भवन तथा दयानतपुर गांव के सर्व हितकारी इंटर कॉलेज दयानतपुर में कैंप आयोजित कर प्रभावित किसानों के प्रतिकर प्रपत्र प्राप्त करते हुए प्रतिकर पत्रावलियां तैयार करने के साथ सभी औपचारिकताएं पूर्ण की जाएंगी।


जिलाधिकारी ने अपील करते हुए कहा कि अर्जन से प्रभावित सभी किसान 3 अप्रैल से अपने-अपने गांवों में आयोजित होने वाले कैंपों में उपस्थित होकर अपनी अर्जित भूमि के प्रतिकर भुगतान से संबंधित सभी औपचारिकताएं अवश्य पूरी करे कराएं।

Related Articles

Back to top button