नोएडा प्राधिकरण के 48 सौ आउटसोर्स कर्मचारियों को मिली बड़ी राहत, मेडिकल इंश्योरेंस सुविधा लागू

Panchayat 24 (नोएडा) : नोएडा प्राधिकरण में आउटसोर्स एजेंसियों के माध्यम से कार्यरत लगभग 48 सौ कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए प्राधिकरण ने उनके लिए मेडिकल इंश्योरेंस सुविधा लागू करने का निर्णय लिया है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के अनुमोदन के बाद स्टेट बैंक ऑफ इंडिया जनरल इंश्योरेंस कंपनी के माध्यम से कर्मचारियों को स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया जाएगा।
यह निर्णय नोएडा प्राधिकरण की 215वीं बोर्ड बैठक में 26 अक्टूबर 2024 को लिया गया था। इस योजना के तहत आउटसोर्स कर्मचारियों और उनके आश्रितों सहित कुल 5 सदस्यों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक की चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। इस योजना का प्रीमियम लगभग 10 हजार रुपये प्रति कर्मचारी प्रतिवर्ष निर्धारित किया गया है, जिसका भुगतान आपूर्ति करने वाली एजेंसी के माध्यम से किया जाएगा।
गौरतलब है कि नोएडा प्राधिकरण में आउटसोर्स एजेंसियों के माध्यम से करीब 48 सौ कर्मचारी कार्यरत हैं। ईएसआई विभाग द्वारा चिकित्सा सुविधा की सीमा 21 हजार रुपये मासिक वेतन तक निर्धारित होने के कारण प्राधिकरण के कई कर्मचारी ईएसआई सुविधा से बाहर हो गए थे। इसके चलते कर्मचारियों द्वारा लंबे समय से मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की जा रही थी।
इसी मांग को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण ने मेडिकल इंश्योरेंस उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न बीमा कंपनियों, एसबीआई जनरल इंश्योरेंस, यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, एचडीएफसी बैंक, और बजाज एलियांज के साथ बैठक कर प्रस्तुतियां ली थीं। इसके बाद नीति बनाकर एसबीआई जनरल इंश्योरेंस का चयन किया गया।
इस योजना के तहत कर्मचारियों को इंश्योरेंस के पहले दिन से ही इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी। इसमें गंभीर बीमारियों के इलाज की व्यवस्था भी शामिल है। साथ ही नोएडा और दिल्ली के अधिकांश प्रमुख अस्पताल इस योजना के तहत सूचीबद्ध किए गए हैं, जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
इस निर्णय से नोएडा प्राधिकरण के हजारों आउटसोर्स कर्मचारियों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिलने के साथ ही उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग भी पूरी हो गई है।



