यमुना प्राधिकरण

यीड़ा की अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई : हेरिटेज सिटी और राया अर्बन सेंटर की 25 हेक्टेयर भूमि अतिक्रमण से एक हजार करोड़ कीमत की जमीन मुक्त कराई

Panchayat 24 (मथुरा) : यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) द्वारा अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के बुधवार को बड़ी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में हेरिटेज सिटी एवं राया अर्बन सेंटर जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स से जुड़ी लगभग 25 हेक्टेयर भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब एक हजार करोड़ रुपये आंकी गई है।

मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर ग्राम पिपरौली खादर, अरूवा खादर एवं पानी गांव खादर क्षेत्र में यह की तो। यहाँ लंबे समय से अवैध निर्माण और कॉलोनियों का विकास किया जा रहा था। प्राधिकरण की टीम ने मथुरा के हेरिटेज सिटी क्षेत्र में निर्माणाधीन अवैध होटल और ढाबों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें ध्वस्त किया। इसके साथ ही यमुना नदी के किनारे लगभग दो हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी को भी जमींदोज कर दिया गया।


प्राधिकरण पर अधिकारियों के अनुसार, हेरिटेज सिटी के कोर एरिया में ग्राम अरूवा खादर एवं ग्राम पिपरौली खादर में दो बड़ी अवैध कॉलोनियां बसाई जा रही थीं, जिनके खिलाफ भी व्यापक ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया। उल्लेखनीय है कि हेरिटेज सिटी माननीय मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट है, और यहां अवैध रूप से हो रहे निर्माण को लेकर प्राधिकरण पहले से ही सख्त रुख अपनाए हुए है।

यह पूरी कार्रवाई यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण के विशेष कार्य अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुई। उनके साथ डिप्टी कलेक्टर शिव अवतार सिंह, अभिषेक शाही एवं कृष्ण गोपाल त्रिपाठी मौजूद रहे। वहीं जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम मांट रितु सिरोही एवं क्षेत्राधिकारी पी. सिंह के नेतृत्व में 11 थानों की पुलिस फोर्स, भारी संख्या में पुलिस बल एवं पीएसी तैनात रही।

करीब शाम 6 बजे तक चले इस अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अवैध अतिक्रमण, अवैध प्लॉटिंग और गैरकानूनी निर्माण के विरुद्ध इसी प्रकार कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button