हरियाली तीज महोत्सव में उमड़ा महिलाओं का उत्साह, गौर सिटी में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
Women's enthusiasm overflowed in Hariyali Teej festival, cultural programs were a hit in Gaur City

Panchayat 24 : सावन की हरियाली और पारंपरिक उल्लास के संग सोमवार को गौर सिटी स्थित छठवें एवेन्यू में हरियाली तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। पारंपरिक लोकगीतों, नृत्य, फैशन शो और मेहंदी प्रतियोगिता के माध्यम से महिलाओं ने इस सांस्कृतिक पर्व को पूरे उत्साह के साथ मनाया।
कार्यक्रम का आयोजन ऑलवेज बि फिट संस्था की संस्थापक रेखा सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य न केवल सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना है, बल्कि महिलाओं को एक साथ आने, अपनी सुंदरता, स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन पर ध्यान देने का भी अवसर प्रदान करना है।
महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सजी-धजी, तीज की पूजा और झूले की झंकार के साथ सांस्कृतिक रंग में रंगी नजर आईं। कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण रही फैशन परेड और मेहंदी प्रतियोगिता, जिसमें महिलाओं और युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महोत्सव में ज्योतिषाचार्य हीना शर्मा ने सावन की तीज के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व भगवान शिव और माता पार्वती के पुनर्मिलन का प्रतीक है, जो विवाहित स्त्रियों के लिए सौभाग्य, समृद्धि और सुख-शांति की कामना का पर्व माना जाता है। यह तीज सावन मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाई जाती है।
स्थानीय निवासियों की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने कार्यक्रम को और भी उत्सवमय बना दिया। महिलाओं ने इसे पारंपरिक और आधुनिकता का संगम बताया और आयोजकों की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसे और आयोजनों की अपेक्षा जताई।