कानून का हंटर : स्क्रैप माफिया रवि काना और साथी महकार पर पुलिस ने घोषित किया 25-25 हजार का ईनाम
Hunter of law : Police announces reward of Rs 25,000 each on scrap mafia Ravi Kana and partner Mahakar

Panchayat 24 : कुख्यात स्क्रैप माफिया रवि काना और उसके साथियों के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। पुलिस ने फरार आरोपी और गिरोह के सरगना रवि काना और उसके साथी महकी उर्फ महकार नागर पर 25-25 हजार रूपये का ईनाम घोषित किया हे। पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास भी कर रही है।
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, ग्रेटर नोएडा के दादूपुर निवासी हरेन्द्र प्रधान का छोटा भाई है रवि काना। हरेन्द्र प्रधान की दिन दहाड़े हत्या कर दी गई थी। हत्या का आरोप सुन्दर भाटी गिरोह पर लगा था। इसके बाद रवि काना को पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई गई थी। हरेन्द्र की हत्या के बाद स्क्रैप और सरिया का कारोबार रवि काना के हाथ में आ गया। कुछ ही दिन में यह कारोबार कई गुना बढ़ गया। रवि काना का पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित अन्य स्थानों पर भी इस कारोबार पर कब्जा हो गया। रवि काना पर नोएडा सेक्टर-39 कोतवाली में एक महिला ने नौकरी दिलाने के बहाने बलात्कार का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने इस मामले में रवि काना के कुछ साथियों को गिरफ्तार किया था। लेकिन रवि काना अभी भी फरार चल रहा है।
रवि काना पर ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-2 कोतवाली में गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज है। पुलिस रवि काना के गिरोह के कई सदस्यों सहित उसकी पत्नी मधु को गिरफ्तार कर चुकी है। कोर्ट ने उसके खिलाफ वारंट जारी किए है। इसके बावजूद वह कोर्ट में हाजिर नहीं हुआ है। वहीं, पुलिस आरोपी और उसके गिरोह से जुड़े लोगों की सैकड़ों करोड़ की सम्पत्ति कुर्क कर चुकी है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने फरार चल रहे आरोपी रवि काना और उसके गिरोह के मुख्य सदस्य महकार उर्फ महकी नागर की गिरफ्तारी पर ईनाम घोषित कर दिया है।