श्रमिक प्रदर्शन में हिंसा की होगी मजिस्ट्रियल जांच, 15 मई तक मांगे गए साक्ष्य

Panchayat 24 (दादरी विधानसभा) : गौतमबुद्धनगर में 13 अप्रैल को श्रमिकों और कामगारों के धरना-प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसक घटनाओं की अब मजिस्ट्रियल जांच कराई जाएगी। इस संबंध में जानकारी पीठासीन अधिकारी विशेष न्यायालय एवं अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय अजय कुमार द्वारा देते हुए आमजन से साक्ष्य उपलब्ध कराने की अपील की गई है।
जानकारी के अनुसार थाना फेस-2 और थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में दो स्थानों पर श्रमिकों द्वारा धरना-प्रदर्शन किया गया था। प्रदर्शन के दौरान कुछ स्थानों पर हिंसक घटनाएं सामने आईं, जिससे कानून-व्यवस्था और लोक व्यवस्था प्रभावित हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा था।
प्रशासन की ओर से अब पूरे घटनाक्रम की गहन जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि हिंसक प्रदर्शन के पीछे क्या कारण रहे, किन परिस्थितियों में उपद्रव हुआ तथा किन व्यक्तियों या संगठनों की भूमिका या उकसावा इसमें शामिल था।
जांच अधिकारी के रूप में नियुक्त अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय अजय कुमार ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति के पास घटना से जुड़ी कोई जानकारी, मौखिक या लिखित साक्ष्य, अथवा इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जैसे ऑडियो या वीडियो उपलब्ध हों तो वे 15 मई तक प्रस्तुत कर सकते हैं।
साक्ष्य जमा कराने के लिए संबंधित व्यक्ति किसी भी कार्य दिवस में प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक पुलिस लाइन स्थित पुलिस उपायुक्त लाइन्स कार्यालय, गौतमबुद्धनगर में उपस्थित हो सकते हैं।
प्रशासन का कहना है कि निष्पक्ष जांच के माध्यम से पूरे मामले की वास्तविकता सामने लाई जाएगी और दोषियों की भूमिका स्पष्ट की जाएगी।



