अजय पांडे बने अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के नोएडा महानगर अध्यक्ष, डॉ. एसएस सिंह जिला उपाध्यक्ष मनोनीत

Panchayat 24 (नोएडा) : उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा और जनजागरूकता के उद्देश्य से कार्यरत अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत (एबीजीपी) ने संगठन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नोएडा में नई जिम्मेदारियों की घोषणा की है। मेरठ प्रांत के अध्यक्ष डॉ. विपिन गुप्ता ने सोमवार को सेक्टर-71 निवासी अजय पांडे को नोएडा महानगर अध्यक्ष तथा सेक्टर-100 निवासी डॉ. एस.एस. सिंह को जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया।
अजय पांडे लंबे समय तक सेक्टर-71 स्थित शिव शक्ति धाम सोसायटी की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के अध्यक्ष के रूप में सक्रिय रहे हैं। सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहने के साथ-साथ वे वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी से भी जुड़े हुए हैं। संगठन ने उनके अनुभव और सामाजिक सक्रियता को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है।
मनोनीत किए जाने के बाद अजय पांडे ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के सिद्धांतों और दिशा-निर्देशों के अनुरूप उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का व्यापक अभियान चलाएंगे। उन्होंने कहा कि ग्राहकों के हितों की रक्षा, उपभोक्ता शोषण के विरुद्ध जनजागरण तथा संगठन को जिले के प्रत्येक क्षेत्र तक सशक्त रूप से पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम के नेतृत्व में नोएडा जनपद में उपभोक्ता अधिकारों के संरक्षण, जागरूकता अभियानों और संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित संगठन
गौरतलब है कि अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत (एबीजीपी) की स्थापना सितंबर 1974 में पुणे (महाराष्ट्र) में हुई थी। इसके संस्थापक बिंदूमाधव जोशी (नाना जोशी) थे। यह एक गैर-राजनीतिक एवं स्वैच्छिक उपभोक्ता संगठन है, जिसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उपभोक्ता हितों की रक्षा करना तथा बाजार में होने वाले शोषण के विरुद्ध प्रभावी सामाजिक हस्तक्षेप करना है। पिछले पांच दशकों में संगठन देशभर में उपभोक्ता जागरूकता और संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय भूमिका निभाता रहा है।





