मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, जानिए क्या है पूरा मामला ?
Uttar Pradesh achieved a big achievement under the leadership of Chief Minister Yogi Adityanath, know what is the whole matter?

Panchayat 24 : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उत्तर प्रदेश इस उपलब्धि को हासिल करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है।
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, उत्तर प्रदेश देश में सबसे अधिक आयुष्मान कार्ड बनाने वाला राज्य बन गया है। उत्तर प्रदेश नेपांच करोड़ आयुष्मान कार्ड बनाकर यह उपलब्धि हासिल की है। पिछले एक साल में उत्तर प्रदेश ने 2.80 करोड़ आयुष्मान कार्ड बनाए हैं। बता दें कि देश भर में अभियान चलाकर आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार इस अभियान के अन्तर्गत उत्तर प्रदेश में 17 सितंबर 2023 से अब तक आठ माह में 1.94 करोड़ आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। जोकि इस अभियान के तहत बनाए गए आयुष्मान कार्ड की संख्या के आधार पर पूरे देश में सर्वाधिक हैं। स्टेट एजेंसी फॉर कांप्रीहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज की सीईओ संगीता सिंह के अनुसार पांच करोड़ आयुष्मान कार्ड बनाना प्रदेश सरकार के अधीन कार्यरत स्टेट हेल्थ एजेंसी की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इस योजना के अन्तर्गत पहले प्रतिदिन औसतन मरीजों की संख्या दो हजार थी। यह संख्या अब बढ़कर आठ हजार हो गई है। संगीता सिंह के अनुसार उत्तर प्रदेश में योजना के लाभार्थियों के उपचार के लिए 5000 से अधिक निजी व सरकारी अस्पतालों को सूची में शामिल किया गया है। इनमें सामान्य बीमारियों से लेकर कैंसर, हृदय रोग, अंग प्रत्यारोपण जैसी गंभीर बीमारियों का भी उपचार होता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश इस कड़ी में आगे भी बेहतर करेगा। स्वास्थ्य सूचकांकों में नियमित सुधार भी करेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी बधाई
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट शेयर की है। इसमें उन्होंने प्रदेशवासियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी है। उन्होंने लिखा है- प्रदेश वासियों को बधाई! आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश अपने 5 करोड़ नागरिकों को आयुष्मान कार्ड का ‘सुरक्षा कवच’ प्रदान करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। यह उपलब्धि ‘नए उत्तर प्रदेश’ में पात्र जन तक योजनाओं की शत-प्रतिशत पहुंच को सुनिश्चित करने के हमारे संकल्प की एक झांकी है। ‘नए उत्तर प्रदेश’ में धनाभाव के कारण कोई निर्धन इलाज से वंचित न रहे, यह डबल इंजन सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है।