ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण

रिठौरी में रेलवे लाइन पर बनेगा फुटओवर ब्रिज

ग्रामीणों को रेलवे लाइन पार करने में होगी सुविधा, प्राधिकरण बनाएगा, रैंप, सीढ़ियों व लिफ्ट की होगी सुविधा

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : ग्रेटर नोएडा के गांव रिठौरी के लोगों को रेलवे लाइन पार करने की वर्षों पुरानी परेशानी से जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की 144वीं बोर्ड बैठक में रिठौरी में रेलवे लाइन के ऊपर फुटओवर ब्रिज बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। पुल में रैंप, सीढ़ियों के साथ लिफ्ट की सुविधा भी प्रस्तावित है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांगों के लिए आवागमन अधिक सुगम होगा।

रिठौरी में फुटओवर ब्रिज की मांग लंबे समय से उठ रही थी। वर्ष 2022 में सांसद डॉ. महेश शर्मा की ओर से इस संबंध में प्राधिकरण को पत्र भेजा गया था। इसके बाद प्राधिकरण ने डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (डीएफसीसीआईएल) से आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया। दोनों विभागों की टीम ने संयुक्त निरीक्षण के बाद यहां फुटओवर ब्रिज की आवश्यकता पर सहमति जताई।

अब बोर्ड की मंजूरी के बाद परियोजना को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है। पुल के निर्माण का खर्च ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण वहन करेगा। रेलवे लाइन के ऊपर निर्माण के लिए संबंधित रेलवे प्राधिकरण से आवश्यक स्वीकृति और अनापत्ति प्रमाणपत्र लेना होगा।

इसके अतिरिक्त ग्रेटर नोएडा से ईस्टर्न पेरिफेरल तक बनेगी 105 मीटर चौड़ी सड़क, ग्रेटर नोएडा फेस-1 व फेस-2 और डीएनजीआईआर ईपीई से जुड़ जाएंगे। वहीं, ग्रेनो, नोएडा व यीडा सिटी से जोड़ा जाएगा। इसके लिए 130 मीटर रोड को डबल डेकर सड़क बनाने कि तैयारी शुरू हो गई है। पहले चरण में ‘एक मूर्ति’ तक डबल डेकर सड़क बनाई जाएगी। इस पर 756 करोड़ रुपये की लागत का अनुमान है।

Related Articles

Back to top button