दिल्ली की घटनाओं से गौतम बुद्ध नगर में सनसनी : पत्नी की हत्या के बाद फरार दिल्ली पुलिसकर्मी ने गोली मारकर आत्महत्या की

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा/नई दिल्ली) :पूर्वी दिल्ली में पत्नी की कथित रूप से गोली मारकर हत्या करने के बाद फरार चल रहे दिल्ली पुलिस के जवान मनीष भाटी ने मंगलवार को कथित तौर पर अपनी सर्विस पिस्टल से स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उसका शव मयूर विहार फेज-1 स्थित निगम पार्किंग क्षेत्र से बरामद हुआ। इस दोहरे घटनाक्रम ने दिल्ली के साथ गौतमबुद्ध नगर जिले से भी जुडा है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका सामने आई है। घटनास्थल से मनीष की सर्विस पिस्टल बरामद कर ली गई है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस बैलिस्टिक जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पुष्टि में जुटी है।
इससे एक दिन पहले सोमवार तड़के कल्याणपुरी थाना क्षेत्र में मनीष भाटी नए अपनी पत्नी प्रियंका भाटी के सीने में गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोप है कि पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के दौरान मनीष ने कथित रूप से अपनी सर्विस पिस्टल से प्रियंका के सीने में गोली मार दी और घटनास्थल से फरार हो गया। राहगीरों की सहायता से गंभीर रूप से घायल प्रियंका को लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी मिली है। फुटेज में दोनों स्कूटी से रुकते और कुछ देर बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद हुई घटना की परिस्थितियों को पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, फोरेंसिक रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर जोड़ने का प्रयास कर रही है।
जन्मदिन की रात हुआ खूनी घटनाक्रम
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना प्रियंका के जन्मदिन की रात हुई। दोनों तड़के अपने घर से एक साथ निकले थे। रास्ते में किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना केवल तत्काल हुए विवाद का परिणाम थी या इसके पीछे लंबे समय से चले आ रहे वैवाहिक तनाव और अन्य पारिवारिक कारण भी जिम्मेदार थे।
दहेज उत्पीड़न के आरोप भी जांच के केंद्र में
मृतका प्रियंका गौतमबुद्ध नगर के दादरी क्षेत्र के सादोपुर गांव की रहने वाली थीं, जबकि आरोपी मनीष भाटी ग्रेटर नोएडा के सलेमपुर गांव का निवासी था। दोनों का विवाह वर्ष 2023 में हुआ था।
प्रियंका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि विवाह के बाद से ही मनीष और उसके परिवार द्वारा दहेज में 50 लाख रुपये तथा एक स्कॉर्पियो वाहन की मांग की जा रही थी। उनका कहना है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर प्रियंका को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। इस संबंध में दोनों परिवारों के बीच कई बार पंचायत और समझौते के प्रयास भी हुए, लेकिन विवाद समाप्त नहीं हो सका।
दिल्ली पुलिस में था तैनात
मनीष भाटी वर्ष 2022 में दिल्ली पुलिस में भर्ती हुआ था। प्रारंभिक नियुक्ति स्पेशल सेल में हुई थी। बाद में उसका तबादला पूर्वी जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) में कर दिया गया, जहां वह तैनात था। वहीं प्रियंका एक निजी विद्यालय में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं।
पत्नी की हत्या के बाद मनीष फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस की कई टीमें दिल्ली-एनसीआर में लगातार दबिश दे रही थीं। इसी दौरान मंगलवार को मयूर विहार फेज-1 स्थित निगम पार्किंग क्षेत्र में उसका शव मिलने से पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया।
हर पहलू की होगी गहन जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच केवल हत्या और आत्महत्या तक सीमित नहीं रहेगी। वैवाहिक संबंधों में तनाव, कथित दहेज उत्पीड़न, घटनास्थल से मिले भौतिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल रिकॉर्ड, बैलिस्टिक रिपोर्ट और दोनों पक्षों के बयानों सहित सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही घटनाक्रम की अंतिम तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।





