ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण

सहारा एंकलेव : अतिक्रमण पर प्राधिकरण की लम्बी नींद टूटी, आगे क्या?

डॉ देवेंद्र कुमार शर्मा

कुम्भकरण और ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण में कुछ समानताएं हैं? प्राधिकरण की प्रमुख विशेषता लगातार सजग बने रहना और विकास कार्यों को गति देना है जबकि कुम्भकरण को चिरनिंद्रा के लिए जाना जाता है। इसके बावजूद दोनों सबकुछ जानकारी होना और सही गलत का भान होने के बाद भी ऑंखें मूँद लेना भी एक बड़ी समानता है। दोनों में एक समानता यह भी है कि जब नींद खुलेगी तो कुम्भकरण भरपूर भोजन करेगा और प्राधिकरण अतिक्रमण और अवैध निर्माण पर कार्रवाई करता है । लेकिन यह किसी को नहीं पता कि कुम्भकरण को कब नींद आएगी और प्राधिकरण अगली कार्रवाई कब करेगा?

इस बीच भले ही अतिक्रमण और अवैध निर्माण सुरसा कि तरह अपने आकर का विस्तार करके प्राधिकरण की सैंकड़ो हेक्टेयर जमीन पर कब्जा ही क्यों न किया जाए। बीते 23 नवंबर को ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने छापरौला में सहारा एंकलेव में बुलडोजर कार्रवाई करके तीन एकड़ जमीन को कब्जा मुक्त करने का दावा किया है। इस जमीन की क़ीमत लगभग 24 करोड़ रूपया आँकी गई है। अतिक्रमण के खिलाफ प्राधिकरण की यह कार्रवाई जहां सराहनीय है, वहीं कई तरह के सवाल भी खडे करती है।

यह कोई नया अतिक्रमण नहीं है बल्कि सालों से प्राधिकरण के लिए चुनौती बन चुका था। जो जमीन प्राधिकरण के नियोजन की शोभा बढ़ा सकती रही आज वहाँ अवैध निर्माण का जंगल खड़ा हो चुका है। जिस प्रकार प्राधिकरण ने यहां कार्रवाई की है उससे प्रतीत होता है कि यह कार्रवाई बिना किसी योजना के की गई है। यहां अभी भी बडे पैमाने पर अतिक्रमण है लेकिन इस पर कार्रवाई कब और किस रूप में होगी? इस बारे में प्राधिकरण के पास कोई तैयारी है?

भूमाफियाओं और स्थानीय लोगों में चर्चा यहां तक है कि यह कार्रवाई ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण में हाल ही में बदले निज़ाम का परिणाम है। संदेश से बढ़कर कुछ भी नहीं है। कुछ लोग इस कार्रवाई को आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व कि अंतिम कार्रवाई भी कह रहे है। यहां तक कि चुनाव से पूर्व के समय को भूमाफिया और कॉलोनाइज़र अवसर के रूप में भी देख रहे है। ऐसे लोगो का मानना है कि चुनाव से पूर्व कोई भी कार्रवाई लोगों के मन में वर्तमान सरकार के प्रति आक्रोश पैदा कर सकती है। ऐसे में चुनाव से पूर्व किसी बड़े अतिक्रमण विरोधी अभियान कि संभावना कम ही है।

सहारा एंकलेव में हुई कार्रवाई के बाद क्या प्राधिकरण ने कोई ऐसी व्यवस्था कि है कि जिस स्थान पर कार्रवाई हुई है वहाँ अतिक्रमण और अवैध कब्जा पुनः न हो ? क्षेत्र में ऐसे उदाहरण भरे पड़े है जहां प्राधिकरण ने अतिक्रमण और अवैध निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई की हो और बाद में फिर वह दोगुना तेजी से न केवल खड़ा हो गया बल्कि अधिक तेजी से आगे भी बढ़ा है? सवाल यह भी उठता है क्या सहारा एंकलेव में शेष अतिक्रमण पर प्राधिकरण कोई कार्रवाई करेगा या फिर कुम्भकरण की तरह चिर निंद्रा में चला जाएगा। सवाल केवल सहारा एंकलेव का ही नहीं है बल्कि ग्रेटर नोएडा में जगह जगह ऐसी स्थिति प्राधिकरण को मुंह चिढ़ा रही हैं।

बहरहाल, इस कार्रवाई में पुलिस और प्राधिकरण एक साथ दिखाई दिए। शायद अगली कार्रवाई को दोनों संस्थाओं को एक बार फिर एक साथ आने का इंतजार करना पड़े। सच्चाई तो यही है कि गौतम बुद्ध नगर जिले में पुलिस और प्राधिकरण दो ऐसी संस्थाए है जो चाहे तो जिले में अतिक्रमण और अवैध निर्माण जैसी समस्या ही पैदा न हो, लेकिन दोनों एक दूसरे पर सहयोग न करने का आरोप लगाते रहते हैं और बहती गंगा में हाथ धोए जाते हैं। हालांकि आरोप प्रत्यारोप वाली शैली पुलिस और प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भी निजी तौर पर काफ़ी फलदायक साबित हुई है, भले ही लोग कुछ भी कहें।

Related Articles

Back to top button