सेंट्रल नोएडा जोन

मौज-मस्ती के लिए सड़क पर सफर करने वाले यात्रियों पर बरसाईं गोलियां, मुठभेड़ में पुलिस ने दबोचा

Panchayat 24 (सेंट्रल नोएडा) : सेंट्रल नोएडा में महज मौज-मस्ती और दहशत फैलाने के लिए जीटी रोड पर सफर कर रहे यात्रियों पर गोलियां बरसाने वाले तीन शातिर बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियारों का जखीरा, बड़ी संख्या में कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त टोयोटा ग्लांजा कार बरामद की है। दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। मामला बदलपुर कोतवाली क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, बीती 15 जून को बुलंदशहर से दादरी की ओर जा रही टोयोटा ग्लांजा कार में सवार पांच युवकों ने जीटी रोड स्थित एनटीपीसी फ्लाईओवर के पास चलती कार से बाहर निकलकर सरेआम फायरिंग की थी। दिनदहाड़े हुई इस घटना से सड़क पर सफर कर रहे यात्रियों में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। राहगीर की सूचना पर पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

बीते बुधवार को पुलिस की टीम एनटीपीसी रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री के पास एक संदिग्ध कार में बैठे युवकों को देखकर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे और एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोच लिया, जबकि दो आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साकीपुर निवासी राहुल (34), बड़पुरा निवासी नीटू उर्फ कुलदीप (38) और बरमदपुर जिला बुलंदशहर निवासी मनोज उर्फ गुड्डू (36) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो देशी पिस्टल, चार देशी तमंचे, 32 जिंदा कारतूस, 127 खोखा राउंड तथा दो तमंचों की नाल बरामद की हैं।

पूछताछ में मुख्य आरोपी राहुल ने स्वीकार किया कि पीछे चल रही कार के चालक द्वारा बार-बार हॉर्न बजाने से वे नाराज हो गए थे। चालक को डराने के लिए उसने दो राउंड फायर किए थे। उसने यह भी कबूल किया कि पुलिस को देखकर गिरफ्तारी के डर से उसने पुलिस टीम पर भी गोली चलाई। आरोपियों ने बताया कि वे हथियारों का इस्तेमाल मौज-मस्ती और लोगों को डराने-धमकाने के लिए करते थे। पुलिस अब फरार आरोपियों और अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क की तलाश में जुटी है।

#GTRoadFiring

#BadalpurPolice

#GautamBuddhNagar

#PoliceEncounter

#IllegalArms

Related Articles

Back to top button