इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग, बचाव अभियान के दौरान दो फायरकर्मियों की मौत

ग्रेटर नोएडा, 4 अगस्त। थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र स्थित आईएलजीआई कंपनी में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं तथा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि बचाव अभियान के दौरान हुए हादसे में दमकल विभाग के दो कर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, इकोटेक तीन कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मंगलवार सुबह आईएलजीआई कंपनी में इलेक्ट्रॉनिक चिप निर्माण का कार्य किया जाता है। सूचना पाकर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। इसी दौरान कंपनी परिसर की साइड की एक दीवार और लोहे का एक भारी बीम अचानक भरभराकर गिर पड़ा। इसकी चपेट में आकर दमकल विभाग के मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार, अमित कुमार और रोहित यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। शेष तीन घायल दमकलकर्मियों का उपचार जारी है और चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, फायर विभाग के अधिकारी तथा एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल का निरीक्षण कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।





