अन्य जिलेएनसीआर / दिल्लीजेवर एयरपोर्टजेवर विधानसभायमुना प्राधिकरण

बड़ी खबर : नोएडा अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट से 15 जून से शुरू होगी पहली हवाई उड़ान

Panchayat 24 (नई दिल्ली/नोएडा) : राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में नोएडा अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट वाणिज्यिक उड़ानों के लिए पूरी तरह तैयार है। आगामी 15 जून से पहली उड़ान शुरू होगी। एयरपोर्ट प्रबंधन ने शुक्रवार को इसकी औपचारिक घोषणा करते हुए बताया कि यह परियोजना न केवल हवाई यात्रा को आसान बनाएगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी नई दिशा देगी।

बता दे कि एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था। जबकि सुरक्षा से जुड़ी सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए ब्यूरो ऑफ़ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (बीसीएएस) से एयरोड्रोम सिक्योरिटी प्रोग्राम की मंजूरी भी मिल चुकी है। इससे यह सुनिश्चित हुआ है कि एयरपोर्ट अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सुरक्षित और संचालन के लिए तैयार है।

एयरपोर्ट से पहली वाणिज्यिक उड़ान इंडिगो संचालित करेगी। इसके तुरंत बाद आकशा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी अपनी सेवाएं शुरू करेंगी। हालांकि उड़ानों के समय, रूट और टिकट बुकिंग से जुड़ी प्रक्रिया अभी तय नहीं है। एयरपोर्ट प्रबंधन इसकी विस्तृत जानकारी जल्द साझा करेगा।

नोएडा एयरपोर्ट के शुरू होने से न केवल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी, बल्कि पर्यटन, व्यापार और निवेश के क्षेत्र में भी बड़े अवसर पैदा होंगे। इससे नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे और आसपास के इलाकों में आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी।

यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (वाईआईएपीएल) द्वारा विकसित यह ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट, ज़ुरीच एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी के तहत संचालित हो रहा है। यह परियोजना उत्तर प्रदेश सरकार और भारत सरकार के सहयोग से पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी ) मॉडल पर बनाई गई है।

1 अक्टूबर 2021 से शुरू हुई 40 साल की कंसेशन अवधि के तहत फिलहाल एयरपोर्ट में एक रनवे और एक टर्मिनल है, जिसकी सालाना क्षमता करीब 1.2 करोड़ यात्रियों की है। भविष्य में इसे विस्तार देकर 7 करोड़ यात्रियों तक सेवा देने की योजना है।

एयरपोर्ट को नेट-जीरो उत्सर्जन लक्ष्य के साथ डिजाइन किया गया है, जहां टिकाऊ निर्माण और संचालन प्रणाली को प्राथमिकता दी गई है। यह पहल इसे देश के सबसे पर्यावरण-अनुकूल एयरपोर्ट्स में शामिल करती है।

Related Articles

Back to top button