नोएडा श्रमिक उग्र आन्दोलन : जब विकास एक जगह सिमटता है, तो असंतुलन आंदोलन बनकर फूटता है
Noida Workers' Violent Agitation: When development remains confined to a single sphere, the resulting imbalance erupts in the form of a protest movement.

डॉ देवेन्द्र कुमार शर्मा
Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : गौतम बुद्ध नगर के नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में हाल ही में देखने को मिले श्रमिक असंतोष को केवल एक स्थानीय घटना मान लेना स्थिति की गंभीरता को कम करके आंकना होगा। यह समस्या दरअसल एक बड़े और लंबे समय से बन रहे आर्थिक-सामाजिक ढांचे की देन है, जिसे क्षेत्रीय असंतुलन के रूप में जाना जाता है। अत: इस घटना को क्षेत्रीय असंतुलन के संदर्भ में ही समझना होगा।
देश में विकास का मौजूदा मॉडल मुख्य रूप से कुछ चुनिंदा शहरों तक सीमित रहा है। नोएडा, गुरुग्राम, मुंबई और बेंगलुरु जैसे शहरों ने तेज़ी से औद्योगिक और आर्थिक प्रगति की, लेकिन इसके विपरीत छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और बुनियादी सुविधाओं का विकास अपेक्षाकृत धीमा रहा। इस असमानता ने बड़े पैमाने पर पलायन को जन्म दिया, जहां लाखों लोग रोजगार और बेहतर अवसरों की तलाश में इन विकसित शहरों की ओर बढ़े।
नोएडा आज रोजगार का बड़ा केंद्र बन चुका है, लेकिन इसके साथ ही यह शहर बढ़ते जनसंख्या दबाव और महंगाई की मार भी झेल रहा है। यहां काम करने वाले लाखों श्रमिकों की मासिक आय 15 हजार से 20 हजार के बीच होती है, जबकि उनका खर्च लगातार बढ़ रहा है। शहर में महंगा किराया आय का बड़ा हिस्सा खा जाता है। इसके अतिरिक्त शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती लागत ने आम श्रमिक के लिए जीवन यापन को और कठिन बना दिया है। यही कारण है कि शहर के बाहरी क्षेत्रों में अवैध कॉलोनियों का तेजी से विस्तार हुआ है, जहां लोग तंगहाली और बदहाली के बावजूद रहने को मजबूर हैं।
कुछ चुनिंदा शहरों में हो रहा विकास के प्रति दूर दराज के हिस्सों में रहने वाले लोगों के मन में एक चुंबकीय आकर्षण पैदा करता है। उन्हें इन्हीं शहरों में अपने सपने पूरे होते हुए दिखाई देते हैं। परिणामस्वरूप ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के सीमित अवसर लोगों को इन शहरों की ओर धकेलते हैं। लेकिन शहरों में पहुंचने के बाद उन्हें उच्च जीवन-यापन लागत, अस्थिर रोजगार और सामाजिक सुरक्षा की कमी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। यह स्थिति एक ऐसे चक्र को जन्म देती है, जहां असंतोष धीरे-धीरे बढ़ता है और समय-समय पर आंदोलन का रूप ले लेता है। हाल के श्रमिक आंदोलनों को इसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए। ये केवल वेतन या कार्य परिस्थितियों की मांग नहीं हैं, बल्कि एक व्यापक आर्थिक असंतुलन की प्रतिक्रिया हैं।
यह समस्या केवल नोएडा तक सीमित नहीं है। मुंबई में झुग्गी बस्तियों का विस्तार, बेंगलुरु में ट्रैफिक और आवास संकट, और गुरुग्राम में बुनियादी सुविधाओं पर दबाव जैसी गंभीर समस्याएं असंतुलित विकास मॉडल के परिणाम हैं। मुंबई में बड़ी संख्या में लोग अनौपचारिक बस्तियों में रहते हैं, जबकि बेंगलुरु में रोज़ाना घंटों का ट्रैफिक जाम आम बात बन चुका है। दिल्ली एनसीआर भी जाम की इसी समस्या से त्रस्त है। यह दर्शाता है कि जब शहरों का असंतुलित विकास होता है तो उन पर अत्यधिक दबाव पड़ता है। ऐसे में बुनियादी ढांचा भी लड़खड़ाने लगता है।
दुनिया के कई देशों ने इस समस्या का समाधान विकेंद्रीकृत विकास मॉडल अपनाकर किया है। कई देशों में उद्योगों को छोटे शहरों और कस्बों में स्थापित किया गया, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़े। इसका परिणाम यह हुआ कि पलायन कम हुआ, जीवन स्तर संतुलित रहा और सामाजिक तनाव भी घटे। वहीं, नोएडा की घटना आने वाले समय के लिए एक स्पष्ट चेतावनी है। यदि विकास का लाभ समान रूप से वितरित नहीं किया गया, तो आर्थिक खाई और गहरी होगी। इससे सामाजिक असमानता बढ़ेगी और समय-समय पर असंतोष के रूप में इसकी अभिव्यक्ति होती रहेगी।
इस समस्या का समाधान केवल बड़े शहरों के विस्तार में नहीं, बल्कि छोटे शहरों और कस्बों के सशक्तिकरण में है। इसके लिए आवश्यक कदमों में शामिल हैं। छोटे और मध्यम शहरों में उद्योगों की स्थापना होनी चाहिए। स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना होगा। सस्ती और सुलभ आवास योजनाएं लागू होनी चाहिए। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का समान वितरण होना चाहिए। विकास तभी सार्थक और टिकाऊ माना जा सकता है, जब उसका लाभ समाज के सभी वर्गों और क्षेत्रों तक पहुंचे। अन्यथा, असंतुलन केवल आंकड़ों में नहीं, बल्कि सड़कों पर दिखाई देने लगता है। क्योंकि अंततः विकास का असली अर्थ सिर्फ वृद्धि नहीं, बल्कि संतुलन है।



