कलाधाम हादसे पर प्राधिकरण की कार्रवाई जारी : तीन अधिकारियों पर गिरी गाज, दो के निलंबन की संस्तुति; दो और आरोपी गिरफ्तार

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : नॉलेज पार्क-दो स्थित कलाधाम सोसाइटी में छह वर्षीय मासूम की पानी से भरे नलकूप के गड्ढे में डूबने से हुई मौत ने प्रशासनिक व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है। इस दुखद घटना के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने जवाबदेही तय करते हुए संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी है। वहीं, पुलिस ने भी मामले में तेजी दिखाते हुए पहले से गिरफ्तार ठेकेदार के अलावा दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एन. जी. रवि कुमार ने संयुक्त जांच रिपोर्ट के आधार पर जल विभाग के सहायक प्रबंधक मनोज कुमार, प्रबंधक गरिमा सिंह तथा वरिष्ठ प्रबंधक विनोद कुमार शर्मा को तत्काल प्रभाव से उनके सभी दायित्वों से मुक्त कर ग्रेटर नोएडा वेस्ट कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। साथ ही सहायक प्रबंधक मनोज कुमार और प्रबंधक गरिमा सिंह के निलंबन एवं विभागीय कार्रवाई की संस्तुति शासन को भेजी गई है, जबकि वरिष्ठ प्रबंधक विनोद कुमार शर्मा के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए भी शासन को पत्र प्रेषित किया गया है।
संयुक्त जांच में उजागर हुई प्रशासनिक लापरवाही
घटना के तुरंत बाद सीईओ के निर्देश पर ओएसडी अभिषेक पाठक और महाप्रबंधक ए. के. सिंह को संयुक्त जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। जांच रिपोर्ट में केवल ठेकेदार और साइट पर तैनात सुपरवाइजरों की ही नहीं, बल्कि प्राधिकरण के संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लगाए गए हैं।
प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि जांच में निर्माण कार्य की निगरानी और सुरक्षा मानकों के पालन में गंभीर लापरवाही सामने आई है। इसी के आधार पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रारंभ की गई है।
पहले ठेकेदार, अब सुपरवाइजर भी गिरफ्तार
दूसरी ओर थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने भी मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच को आगे बढ़ाया है। पुलिस के अनुसार 25 जुलाई की शाम बच्चा गड्ढे में गिरने के बाद अस्पताल ले जाया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम एवं अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिजनों की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
इस मामले में पहले ही ठेकेदार मनोज जैन को गिरफ्तार किया जा चुका था। अब पुलिस ने टेक्निकल सुपरवाइजर आकाश कुमार तथा सुपरवाइजर अनुज कुमार उर्फ जोनी कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और जांच के प्रत्येक पहलू की गहन पड़ताल की जा रही है।





