105 मीटर रोड को लगेंगे पंख, ईस्टर्न पेरिफेरल से आगे बढ़कर गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा

जारचा और हापुड़ क्षेत्र के लोगों की ग्रेटर नोएडा से कनेक्टिविटी होगी आसान, करीब 40 मिनट में पूरी होगी दूरी
Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और बढ़ते औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक गतिविधियों के बीच ग्रेटर नोएडा की कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की तैयारी है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने 105 मीटर चौड़ी सड़क को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से आगे बढ़ाते हुए गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। बता दे की फिलहाल प्राधिकरण का विचार 105 मीटर सड़क को हापुड़ बाईपास से जोड़ने का था। निकट भविष्य में यात्री दबाव को देखते हुए ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने मास्टर प्लान 2041 में बदलाव किया है।सोमवार को लखनऊ स्थित पिकअप सभागार में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी की अध्यक्षता में बैठक की बैठक में मुख्य सचिव आलोक कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रस्तावित कनेक्टिविटी से जारचा, हापुड़ और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को ग्रेटर नोएडा तक सीधी और सुगम पहुंच मिल सकेगी। इससे इन क्षेत्रों का तेजी से विकास होगा और ग्रेटर नोएडा आने-जाने में लगने वाला समय भी काफी कम होने की उम्मीद है।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि हापुड़ बाईपास तक करीब 15 किलोमीटर लंबी कनेक्टिविटी को आगे बढ़ाकर गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। इससे ग्रेटर नोएडा और गंगा एक्सप्रेसवे के बीच आवागमन का एक महत्वपूर्ण नया मार्ग तैयार होगा।
लॉजिस्टिक हब और जेवर एयरपोर्ट को भी मिलेगा फायदा
प्रस्तावित सड़क नेटवर्क का सबसे बड़ा लाभ क्षेत्र के लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक विकास को मिलने की उम्मीद है। लॉजिस्टिक हब से जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक छह लेन की एलिवेटेड सड़क विकसित करने की योजना भी बताई गई है। इससे मालवाहक वाहनों की आवाजाही को अलग और सुगम करने में मदद मिलेगी।
नई कनेक्टिविटी विकसित होने के बाद ग्रेटर नोएडा, जारचा, हापुड़ और गंगा एक्सप्रेसवे का क्षेत्र एक मजबूत सड़क नेटवर्क से जुड़ सकेगा। इससे औद्योगिक गतिविधियों, निवेश और रोजगार के नए अवसरों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
यानी 105 मीटर रोड अब सिर्फ एक सड़क नहीं, बल्कि ग्रेटर नोएडा को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नए आर्थिक गलियारे से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी बनने की ओर बढ़ रही है।




