स्कॉर्पियो के अंदर युवक का शव मिलने से सनसनी

Panchayat 24 ( सेंट्रल नोएडा) : सेंट्रल नोएडा के सेक्टर डेल्टा-3 ओ ब्लॉक स्थित सर्विस रोड पर शनिवार देर रात एक स्कॉर्पियो-एन कार के अंदर युवक का रक्तरंजित शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटनास्थल से एक तमंचा भी बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए शुरू कर दी है। मामला सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, बीती 12 जुलाई की रात पुलिस लेपर्ड टीम नियमित गश्त पर थी। गश्त के दौरान साईं मंदिर गोल चक्कर से डेल्टा-3 ओ ब्लॉक की ओर जाते समय सर्विस रोड पर एक स्कॉर्पियो-एन संदिग्ध अवस्था में खड़ी दिखाई दी। वाहन की पीछे की लाइट और आगे की टेल लाइट जल रही थीं, जिससे पुलिसकर्मियों को संदेह हुआ।
लेपर्ड टीम ने चालक को वाहन हटाने के लिए आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। जब पुलिसकर्मी वाहन के पास पहुंचे तो देखा कि चालक सीट पर बैठा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल था और उसके शरीर से खून बह रहा था। कार के पास एक तमंचा भी पड़ा मिला।
घटना की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और फोरेंसिक टीम को दी गई। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान दिल्ली के जुमराथपुर गांव निवासी सौराज (36 वर्ष) के रूप में हुई। उसका वर्तमान निवासी मिग्सन ग्रीन सोसाइटी, थाना सूरजपुर, जनपद गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, फोरेंसिक जांच और अन्य तकनीकी पहलुओं के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी संभावित पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।





