ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण

सहारा एंकलेव में अवैध घरों और प्रॉपर्टी डीलरों की दुकानों पर चला बुलडोजर, 24 करोड़ की तीन एकड़ जमीन कब्जामुक्त

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, सुबह साढ़े छह बजे से तीन घंटे तक चला ध्वस्तीकरण अभियानPanchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : ग्रेटर नोएडा में अधिसूचित भूमि पर अवैध कब्जों और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई की है। सोमवार को सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर छपरौला स्थित सहारा एंकलेव (सहारा समतल) में बुलडोजर चलाकर अवैध रूप से बनाए गए कई मकानों, प्रॉपर्टी डीलरों की दुकानों और कब्जे की मंशा से खड़ी की गई बाउंड्री वॉल को ध्वस्त कर दिया गया। करीब तीन घंटे चले इस अभियान में लगभग तीन एकड़ यानी 12 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। मुक्त कराई गई भूमि की अनुमानित कीमत करीब 24 करोड़ रुपये बताई गई है।

Panchayat 24 (ग्रेटर नोएडा) : ग्रेटर नोएडा में अधिसूचित भूमि पर अवैध कब्जों और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई की है। सोमवार को सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर छपरौला स्थित सहारा एंकलेव में बुलडोजर चलाकर अवैध रूप से बनाए गए कई मकानों, प्रॉपर्टी डीलरों की दुकानों और कब्जे की मंशा से खड़ी की गई बाउंड्री वॉल को ध्वस्त कर दिया गया। करीब तीन घंटे चले इस अभियान में लगभग तीन एकड़ यानी 12 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। मुक्त कराई गई भूमि की अनुमानित कीमत करीब 24 करोड़ रुपये बताई गई है।

सोमवार सुबह 6:30 बजे जेसीबी और डंपरों के साथ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची। सुबह 9:30 बजे तक चली कार्रवाई में अवैध निर्माणों को एक-एक कर जमींदोज कर दिया गया। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी जताया, लेकिन प्राधिकरण की टीम ने कार्रवाई जारी रखते हुए अतिक्रमण हटाने का अभियान पूरा किया।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने स्पष्ट किया कि सहारा और समतल क्षेत्र प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में आता है। यहां प्राधिकरण की अनुमति के बिना किसी भी प्रकार का निर्माण करना नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि अनधिकृत निर्माण और कब्जे करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी। एसीईओ ने आम नागरिकों को आगाह किया कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से उसकी वैधानिक स्थिति की पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। अवैध कॉलोनियों में अपनी मेहनत की कमाई निवेश करने से बचें।

दरअसल, अधिसूचित क्षेत्र में बढ़ते अवैध निर्माण और जमीनों पर कब्जे की कोशिशों को देखते हुए सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने परियोजना विभाग के सभी वर्क सर्किल को अभियान चलाकर ऐसे निर्माणों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में सोमवार को ओएसडी मुकेश कुमार सिंह, उप महाप्रबंधक परियोजना विजय रावल, वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर, प्रबंधक नितीश कुमार और सहायक प्रबंधक भूपेंद्र त्यागी की टीम ने बादलपुर कोतवाली पुलिस तथा प्राधिकरण के अन्य कर्मचारियों के सहयोग से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को अंजाम दिया।

सहारा एंकलेव में अभियान पूरा करने के बाद प्राधिकरण के परियोजना विभाग के वर्क सर्किल-एक की टीम वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर के नेतृत्व में शाहबेरी पहुंची। यहां एक जर्जर मकान को सील करने की प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस की मदद से सीलिंग की कार्रवाई जल्द पूरी की जाएगी। इस दौरान चौकी प्रभारी विपिन कुमार और पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।

प्राधिकरण की इस कार्रवाई ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि अधिसूचित भूमि पर अवैध निर्माण और कब्जे की कोशिशों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही जमीन खरीदने के इच्छुक लोगों के लिए भी यह कार्रवाई एक चेतावनी है कि आकर्षक दावों और सस्ते भूखंडों के लालच में निवेश करने से पहले उनकी वैधानिक स्थिति की जांच करना बेहद जरूरी है।

Related Articles

Back to top button