ग्रेटर नोएडा वेस्ट को मेट्रो की बड़ी सौगात, सेक्टर-51 से गौर चौक तक एक्वा लाइन को मंजूरी
Noida Metro Expansion Approved: Aqua Line to Connect Sector 51 with Greater Noida West

8.449 किमी लंबे कॉरिडोर पर बनेंगे पांच स्टेशन, ₹2,390 करोड़ होंगे खर्च; सेक्टर-61 पर ब्लू लाइन से मिलेगी इंटरचेंज सुविधा
Panchayat 24 (नोएडा) : ग्रेटर नोएडा वेस्ट की वर्षों पुरानी मेट्रो कनेक्टिविटी की प्रतीक्षा अब साकार होने की दिशा में बढ़ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 (गौर चौक) तक एक्वा लाइन मेट्रो के विस्तार को मंजूरी दे दी है। 8.449 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड कॉरिडोर पर करीब 2,390 करोड़ रुपये खर्च होंगे और पांच स्टेशन बनाए जाएंगे।
प्रस्तावित कॉरिडोर पर सेक्टर-61, 70, 122, 123 और ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 में स्टेशन होंगे। इसकी सबसे बड़ी विशेषता सेक्टर-61 पर दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन से इंटरचेंज सुविधा होगी। इससे यात्रियों को नोएडा और ग्रेटर नोएडा से दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों तथा एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए बेहतर सार्वजनिक परिवहन विकल्प मिलेगा।
तेजी से विकसित हो चुके ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लिए यह परियोजना महज मेट्रो विस्तार नहीं, बल्कि शहरी आवागमन की बड़ी जरूरत का समाधान है। आबादी और आवासीय-व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार के साथ यहां यातायात का दबाव लगातार बढ़ा है। मेट्रो कनेक्टिविटी से सड़क यातायात का बोझ घटने, निजी वाहनों पर निर्भरता कम होने और क्षेत्रीय आवागमन सुगम बनने की उम्मीद है।
तीन दिशाओं में बढ़ेगा मेट्रो नेटवर्क
नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) केवल गौर चौक कॉरिडोर तक सीमित नहीं है। बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर-142 तक 11.56 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर आठ स्टेशन प्रस्तावित हैं। वहीं, डिपो स्टेशन से बोराकी मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब तक 2.60 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर दो स्टेशनों के साथ विकसित किया जाएगा। इन दोनों परियोजनाओं के सिविल निर्माण के लिए ठेकेदार का चयन हो चुका है और निर्माण शीघ्र शुरू होने की उम्मीद है।
इस तरह तीनों प्रस्तावित विस्तार परियोजनाएं मिलकर लगभग 22.6 किलोमीटर का अतिरिक्त मेट्रो नेटवर्क तैयार करेंगी। इससे नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दिल्ली मेट्रो और बोडाकी के प्रस्तावित परिवहन केंद्र के बीच संपर्क अधिक मजबूत होगा।





