सपा ने छह जिलों में बदले जिलाध्यक्ष, इन्दर प्रधान को गौतमबुद्ध नगर की कमान ने जिले की राजनीति में बढ़ाई हलचल

Panchayat 24 (डॉ देवेंद्र कुमार शर्मा) : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 से पहले समाजवादी पार्टी ने संगठन में महत्वपूर्ण फेरबदल करते हुए छह जिलों में नए जिलाध्यक्षों की घोषणा की है। 16 सितंबर को जारी पार्टी ने बलिया में सुनील कुमार मौर्य, बांदा में उमेश, अयोध्या में जय सिंह, पीलीभीत में धर्मेश गंगवार, गौतमबुद्ध नगर में इन्द्र प्रधान (इन्द्रजीत भाटी) और उन्नाव में जयचन्द्र विमल को जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इस फेरबदल का सबसे अधिक असर गौतमबुद्ध नगर की राजनीति पर दिखाई दे रहा है। यहां पार्टी ने सुधीर भाटी की जगह इन्द्र प्रधान को जिले की कमान सौंपी है। इन्द्र प्रधान इससे पहले भी जिला संगठन की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
जिलाध्यक्ष बने तो दादरी के टिकट पर क्या होगा?
इन्द्र प्रधान को जिलाध्यक्ष बनाए जाने के बाद सबसे बड़ा सवाल दादरी विधानसभा सीट को लेकर खड़ा हो गया है। चुनावी चर्चा में उनका नाम दादरी से सपा के संभावित दावेदारों में प्रमुखता से सामने आता रहा है। दादरी में हाल ही में हुई सपा की रैली के बाद उन्हें दादरी से सपा टिकट की दौड़ में शामिल प्रमुख चेहरों में शामिल माना जा रहा था।
ऐसे में पार्टी द्वारा उन्हें जिला संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने ने राजनीतिक चर्चाओं को नया आयाम दे दिया है। सवाल यह है कि क्या जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने का अर्थ यह है कि इन्द्र प्रधान अब दादरी विधानसभा के चुनावी मैदान से अलग होंगे?
राजनीतिक हलकों में सपा के इस संगठनात्मक बदलाव को लेकर अलग-अलग आकलन किए जा रहे हैं। एक दृष्टिकोण यह है कि चुनाव से पहले जिला संगठन की कमान बदलकर पार्टी ने कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारी और नई दिशा का संकेत दिया है। दूसरा आकलन यह है कि नेतृत्व परिवर्तन के जरिए संगठन के भीतर चल रही संभावित खींचतान को कम कर कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारी में केंद्रित करने की कोशिश की गई है।
गजराज नागर और नवीन शर्मा और जितेन्द्र यादव के नाम की चर्चा ने बदला माहौल
दादरी विधानसभा को लेकर एक और नाम राजनीतिक चर्चाओं में है—गजराज नागर। मार्च 2026 में सपा की दादरी रैली के बाद पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव का गजराज नागर के बादलपुर स्थित आवास जाना राजनीतिक चर्चा का विषय बना था। तय माना जा रहा था कि गजराज नागर सिकंदराबाद विधानसभा सीट से सपा के उम्मीदवार होंगे। हाल ही में इन्दर प्रधान को जिलाध्यक्ष घोषित किए जाने के बाद राजनीतिक समीकरण में तेजी से बदलाव आया है। बदले हुए परिदृश्य में गजराज नागर को सपा की दादरी की राजनीति से जोड़कर देखा जाने लगा है। इस चर्चा के केंद्र में नवीन शर्मा का तेजी से उभरता हुआ नाम है। चर्चा है कि सपा सिकन्द्राबाद विधानसभा सीट से पार्टी नवीन शर्मा को प्रत्याशी बनाने पर विचार कर रही है। हालांकि साप सपा के कद्दावर नेता जितेंद्र यादव के नाम की चर्चा ने भी सिकन्द्राबाद सीट पर पेंच फंसा रखा है। गजराज नागर के नाम को इसी कारण अब दादरी विधानसभा से जोड़कर देखा जा रहा है।




